श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों के बीच होगी शतक लगाने की जंग

विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, शिखर धवन का श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट रिकॉर्ड अच्छा है।

Edited By : Gunjan Tripathi |Nov 13, 2017, 09:40 PM IST

Published On Nov 13, 2017, 09:40 PM IST

Last UpdatedNov 13, 2017, 09:40 PM IST

शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली शीर्ष क्रम संभालेंगे © AFP & Getty Images

भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले ही इसका रोमांच कई गुना बढ़ गया है। घरेलू मैदान पर टीम इंडिया के हाथों मिली करारी हार का बदला लेने भारत आई श्रीलंका टीम सीरीज में जीत हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। वहीं विराट कोहली की कप्तानी में विश्व की नंबर वन टेस्ट टीम भी इस सीरीज से जीत से कम कुछ नहीं चाहेगी। इस टेस्ट सीरीज के दौरान दोनों टीमों के बीच तो घमासान होगा ही लेकिन सचिन तेंदुलकर के एक रिकॉर्ड के करीब पहुंचने के लिए भारतीय बल्लेबाजों के बीच भी तगड़ी जंग होगी।

पूर्व भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले का रिकॉर्ड है। तेंदुलकर ने 25 मैचों में श्रीलंका के खिलाफ सर्वाधिक 9 शतक जड़े हैं। वहीं अगर मौजूदा टीम इंडिया की बात करें तो सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और चेतेश्वर पुजारा ने 3-3 और कप्तान विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे ने श्रीलंका के खिलाफ 2-2 टेस्ट शतक लगाए हैं। अब इन चारों में से जो बल्लेबाज तीन मैचों की इस सीरीज में ज्यादा शतक लगाएगा वह सचिन (9), वीरेंद्र सहवाग (5), मोहम्मद अजहरूद्दीन (5), नवजोत सिंह सिद्धू (4) की सूची में शामिल हो जाएगा।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

शिखर धवन: श्रीलंका के खिलाफ अब तक 3 टेस्ट शतक जड़ चुके धवन के इस जंग में बाकी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ने की ज्यादा संभावना है। वैसे धवन ने श्रीलंका के खिलाफ अब तक केवल 4 मैच खेलें हैं और वह 3 शतक की मदद से 520 रन बना चुके हैं। श्रीलंका के खिलाफ धवन का टेस्ट औसत 86.66 का है जो कि काफी अच्छा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में हुई सीरीज से धवन अच्छे फॉर्म में भी हैं। सलामी बल्लेबाज होने की वजह से धवन को क्रीज पर ज्यादा समय बिताने का मौका मिलेगा, इससे भी उनके ज्यादा रन बनाने की संभावना बढ़ जाती है।

[link-to-post url=”https://www.cricketcountry.com/hi/news/hardik-pandya-asked-for-rest-for-test-series-against-sri-lanka-to-improve-his-fitness-659613″][/link-to-post]

चेतेश्वर पुजारा: टेस्ट क्रिकेट में चेतेश्वर पुजारा भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ हैं। पुजारा ने भी अब तक श्रीलंका के खिलाफ खेले 4 मैचों में 90.80 की औसत से 454 रन बनाए हैं, जिसमे 3 शतक शामिल हैं। पुजारा भले ही पिछले कुछ समय से वनडे-टी20 सीरीज ज्यादा होने की वजह से टीम इंडिया में नजर नहीं आ रहे हो लेकिन वह घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बना रहे हैं। हाल ही में सौराष्ट्र के लिए रणजी मैच में पुजारा ने शानदार शतक जड़ा है। श्रीलंका के खिलाफ पुजारा का टेस्ट औसत सबसे बेहतर है।

विराट कोहली: टेस्ट क्रिकेट में चार दोहरे शतक लगा चुके विराट कोहली श्रीलंका के खिलाफ 6 मैचों में केवल 2 शतक लगा पाए हैं। श्रीलंका के खिलाफ कोहली का टेस्ट औसत भी केवल 43.77 का ही है। वैसे कोहली इसे सुधारने की हर मुमकिन कोशिश करेंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में कोहली जबरदस्त फॉर्म में नजर आए थे, वह अपनी इसी फॉर्म को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में इस्तेमाल करना चाहेंगे। लेकिन पुजारा और धवन से आगे निकलने के लिए उन्हें समय जरूर लगेगा।

अजिंक्य रहाणे: टीम इंडिया के किसी बल्लेबाज को अगर उसकी प्रतिभा से कहीं ज्यादा कम आंका जाता है तो वो अजिंक्य रहाणे हैं। रहाणे ने सभी फॉर्मेटों में अपने आप को साबित करके दिखाया है लेकिन फिर भी लोग उनकी प्रतिभा का सही आंकलन नहीं कर पा रहे हैं। रहाणे ने श्रीलंका के खिलाफ 6 टेस्ट मैचों में 45.22 की औसत से कुल 407 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक शामिल हैं। रहाणे के टेस्ट रिकॉर्ड को देखकर ही उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जगह दी गई है। सीमित ओवरों के मैच में सलामी बल्लेबाज करने वाले रहाणे टेस्ट क्रिकेट में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं इसलिए उनके पास भी श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने की जंग में आगे निकलने का पूरा मौका है।

युवा खिलाड़ी हार्दिक पांड्या और केएल राहुल ने भी श्रीलंका के खिलाफ एक-एक शतक लगाया है। वैसे पांड्या को तो इस सीरीज से बाहर रखा गया है लेकिन राहुल के पास अपने आप को टेस्ट बल्लेबाज साबित करने का एक और मौका है।

Editor's Pick