×

क्या ऑस्ट्रेलिया की राह पर चलेगा बांग्लादेश? 30 साल पहले जब क्रिकेट ने देखा था 'बायकॉट'

बांग्लादेश की टीम टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आना चाहती. बोर्ड ने आईसीसी के सामने अनुरोध भी किया है. हालांकि खबर यही है कि आईसीसी ने बीसीबी के इस अनुरोध को अस्वीकार कर दिया है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 7, 2026 2:44 PM IST

भारत और बांग्लादेश के कूटनीतिक संबंधों की खटास अब क्रिकेट के मैदान तक पहुंच चुकी है. मुस्ताफिजुर रहमान के आईपीएल से बाहर होने के बाद मामला और बिगड़ गया है. बात वर्ल्ड कप तक पहुंच चुकी है. बांग्लादेश चाहता है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के उसके मैच भारत से शिफ्ट कर दिए जाएं. इसके लिए उसने आईसीसी का दरवाजा भी खटखटाया.

टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने में अब पूरा एक महीना बाकी है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का शेड्यूल जारी हो चुका है. और बांग्लादेश को अपने सभी मैच भारत में ही खेलने हैं. लेकिन उसके बोर्ड ने नई मांग कर दी है. गेंद आईसीसी के पाले में है. बांग्लादेश चाहता है कि उसके मैच संयुक्त मेजबान श्रीलंका में शिफ्ट कर दिए जाएं. लेकिन आईसीसी के लिए क्या ऐसा करना आसान होगा? बांग्लादेश के ग्रुप में जो बाकी टीमें हैं क्या वे वहां जाकर खेलने को राज़ी होंगी? प्रसारणकर्ता के लिए क्या नए सिरे से इंतजाम करना आसान होगा? और सबसे बड़ी बात सभी टीमों के उन फैंस का क्या होगा जिन्होंने शेड्यूल के हिसाब से अपने यात्रा टिकट, होटल बुकिंग व अन्य प्रोग्राम बना रखे हैं? इसके कई पहलु हैं. और आईसीसी को इन सभी पर नजर रखनी होगी.

टी20 वर्ल्ड कप में कुल मिलाकर 20 टीमें, 4 ग्रुप

ग्रुपटीमें
ग्रुप एभारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान और यूएएस
ग्रुप बीऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, ओमान, श्रीलंका और जिम्बाब्वे
ग्रुप सीबांग्लादेश, इंग्लैंड, इटली, नेपाल और वेस्टइंडीज
ग्रुप डीअफगानिस्तान, कनाडा, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका और यूएई

कहां से शुरू हुआ विवाद

बांग्लादेश के पेसर मुस्ताफिजुर रहमान को 16 दिसंबर को जेद्दा में हुई आईपीएल नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा. दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की टीमें भी दौड़ में थीं लेकिन आखिर में बाजी कोलकाता के हाथ लगी. रहमान इस सीजन में आईपीएल नीलामी में बिकने वाले इकलौते बांग्लादेशी खिलाड़ी रहे. इस बीच बांग्लादेश में हो रही हिंसा के विरोध में भारत में रोष साफ दिख रहा था. लोग नाराज थे कि इसके बाद भी बांग्लादेशी खिलाड़ी भारतीय लीग में क्यों खेल रहा है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश दिया कि वह मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया.

आईसीसी के पास पहुंचा बांग्लादेश

मुस्ताफिजुर रहमान के रिलीज होते ही बांग्लादेश में गुस्सा फूट पड़ा. पहले, मोहम्मद यूनुस की सरकार ने देश में आईपीएल के प्रसारण पर ही बैन लगा दिया. और फिर बात और आगे बढ़ाते हुए सुरक्षा का हवाला देते हुए अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत भेजने में आनाकानी करने लगा. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इसके लिए आईसीसी के पास आधिकारिक तौर पर अर्जी भी दायर की. लेकिन, जो खबरें आ रही हैं उसके मुताबिक आईसीसी ने इससे इनकार कर दिया है.

खबर में कहा गया है कि आईसीसी ने बीसीबी को बताया है कि मैचों को अब शिफ्ट नहीं किया जा सकता. आईसीसी ने बीसीबी को चेताया है कि उसे अपने मैच या तो भारत में ही खेलने होंगे या तो उसे अंक गंवाने होंगे. यानी बांग्लादेश का अड़ियल रवैया उसके लिए बहुत परेशान करने वाला हो सकता है. वहीं बांग्लादेश की विपक्षी टीमों को इससे फायदा मिल सकता है. आईसीसी ने बांग्लादेश को साफ कर दिया है कि या तो भारत में खेलो या अंक गंवाओ.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश का शेड्यूल

मैचतारीखसमयमैदान
बनाम वेस्टइंडीज7 फरवरी, 20263:00 PMईडन गार्डंस, कोलकाता
बनाम इटली9 फरवरी, 202611:00 AMईडन गार्डंस, कोलकाता
बनाम इंग्लैंड14 फरवरी, 20263:00 PMईडन गार्डंस, कोलकाता
बनाम नेपाल17 फरवरी, 20267:00 PMवानखेड़े स्टेडियम, मुंबई

पहले भी हो चुका है ऐसा

बात 1996 की है. भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन करवाया गया था. उस वक्त ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज की टीमों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए श्रीलंका जाने से इनकार कर दिया. श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में कुछ वक्त पहले ही एक धमाका हुआ था. सेंट्रल बैंक में हुए इस धमाके में 91 लोग मारे गए थे और 1400 से ज्यादा घायल हुए. लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल इलम यानी लिट्टे ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी. इस हमले के बाद भी श्रीलंका ने पूरी सुरक्षा का आश्वासन दिया. लेकिन ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने श्रीलंका के खिलाफ अपने मैच खेलने से इनकार कर दिया. काफी बातचीत के बाद आखिर ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज की टीमें अपने-अपने अंक छोड़ने को राज़ी हो गईं. नतीजा श्रीलंका को दोनों मैचों के कुल चार अंक बिना मैच खेले ही मिल गए.

श्रीलंका को हुआ था सीधा फायदा

अब इस फैसले से श्रीलंका सीधे-सीधे क्वॉर्टर फाइनल के लिए क्वॉलिफाइ कर गई. कोई मुकाबला खेले बिना ही अर्जुन राणातुंगा की कप्तानी वाली टीम अंतिम 8 में थी. आखिर में श्रीलंका ने फाइनल में जगह बनाई और लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हुए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर जीत हासिल की.

TRENDING NOW

तो बांग्लादेश क्या करेगा?

बांग्लादेश के साथ दिक्कत यह है कि उसके सभी चारों लीग मुकाबले भारत में हैं. और अगर आईसीसी उसके मुकाबले शिफ्ट करने को राजी नहीं होता है तो बांग्लादेश के लिए बड़ी परेशानी हो सकती है. बांग्लादेश के मुकाबले शिफ्ट नहीं होंगे और वह भारत में खेलने आएगा नहीं तो उसे अपने सभी मैचों के अंक गंवाने पड़ेंगे. यानी उसके लिए टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही खत्म हो जाएगा. क्या बांग्लादेशी टीम ऐसा आत्मघाती कदम उठाएगी, यह बड़ा सवाल है.