अर्जुन तेंदुलकर बने खबर, आयुष बदोनी ने जमाए 184 रन और झटके चार विकेट
श्रीलंका दौरे पर गई भारतीय अंडर 19 टीम में शामिल दिग्गज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन पर सबकी नजरें हैं लेकिन आयुष बदोनी ने अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर ली।
Published On Jul 20, 2018, 11:10 AM IST
Last UpdatedJul 20, 2018, 11:10 AM IST
Arjun Tendulkar and Ayush Badoni
श्रीलंका दौरे पर गई भारतीय अंडर 19 टीम में शामिल दिग्गज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन पर सबकी नजरें थी। पहली पारी में उन्होंने एक विकेट लिया और बिना रन बनाए वापस लौटे। आयुष बदोनी ने इस पारी में चार विकेट झटके और साथ में नाबाद 184 रन की बेहतरीन पारी भी खेली लेकिन शायद ही इस तरफ किसी का ध्यान गया।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन ने अपना पहला कदम रखा। मीडिया से लेकर दिग्गजों ने इस मैच पर नजरें गड़ा दी। अर्जुन ने पहली पारी में सिर्फ एक विकेट हासिल किया और बल्लेबाजी करते हुए शून्य पर आउट हो गए। उनके एक विकेट के साथ-साथ शून्य पर आउट होने तक की खबर मीडिया में चली। वहीं एक खिलाड़ी ऐसा था जिसने धमाकेदार खेल दिखाया पर मीडिया की नजरों ने उसको उतनी तवज्जो नहीं दी।
आयुष बदोनी का शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन
अर्जुन के साथ ही आयुष बदोनी ने भी भारत की तरफ से इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की। इस मैच में जहां अर्जुन छाप छोड़ने में नाकाम रहे वहीं आयुष बदोनी ने पहले गेंदबाजी में चार अहम विकेट चटकाए उसके बाद नाबाद 184 रन की शानदार पारी भी खेली।
आयुष की गेंदबाजी अर्जुन से बेहतर रही
अर्जुन तेंदुलकर ने 11 ओवर की गेंदबाजी कर 33 रन दिए और सिर्फ एक विकेट हासिल किया। आयुष बदोनी ने 9.3 ओवर की गेंदबाजी कर टीम के लिए चार अहम विकेट निकाले और 2.52 की औसत से सिर्फ 24 रन ही खर्च किए।
आयुष की बल्लेबाजी अर्जुन से बेहतर रही
आयुष ने 206 गेंद का सामना कर 184 रन की पारी खेली और अंत तक आउट नहीं हुए। उन्होंने 19 चौके लगाए जबकि चार छक्का भी जमाया। पहली पारी में जहां आयुष सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय थे वहीं 11 गेंद का सामना करने वाले अर्जुन पहली पारी में खाता भी नहीं खोल पाए।