×

एक साल में टी-20 में तीन शतक, 209.77 का स्ट्राइक रेट, फिर भी वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया में क्यों नहीं हैं ?

वैभव सूर्यवंशी के टी-20 करियर की बात करें तो उन्होंने 16 टी20 मैच खेले है. उन्होंने 16 इनिंग में 644 रन बनाए हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 3, 2025 2:26 PM IST

बिहार के 14 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक दिन पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तूफानी शतक जड़ा. उन्होंने अपनी शतकीय पारी में सात चौके और सात छक्के लगाए. यह पहला मौका नहीं है, जब वैभव सूर्यवंशी के आक्रामक तेवर देखने को मिले हैं. नवंबर 2024 में टी-20 डेब्यू के बाद से उनका बल्ला लगातार आग उगल रहा है. आईपीएल में महज 35 बॉल में शतक जड़कर वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने थे, आईपीएल के बाद भी साल 2025 में वह टी-20 में दो शतक जड़ चुके हैं. वैभव सूर्यवंशी का टी-20 में स्ट्राइक रेट 209.77 का है. वैभव सूर्यवंशी के धमाकेदार प्रदर्शन के बाद उन्हें टीम इंडिया में शामिल करने की मांग की जा रही है, मगर आईसीसी के एक नियम की वजह से फिलहाल वह टीम इंडिया का हिस्सा नहीं बन पाएंगे.

वैभव सूर्यवंशी के टी-20 करियर की बात करें तो उन्होंने 16 टी20 मैच खेले है. उन्होंने 16 इनिंग में 644 रन बनाए हैं. उन्होंने यह रन 42.93 की औसत और 209.77 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं. वैभव के नाम टी-20 में तीन शतक और एक अर्धशतक है. आईपीएल 2025 में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए सात मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने 206.55 की स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए थे.

क्यों भारत के लिए नहीं खेल सकते वैभव सूर्यवंशी ?

दरअसल आईसीसी ने खिलाड़ियों के इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए कई नियम बनाए हैं, जिसमें एक नियम उम्र से जुड़ा है.आईसीसी ने साल 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए न्यूनतम उम्र की पॉलिसी बनाई थी, इस पॉलिसी के मुताबिक कोई भी खिलाड़ी जो इंटरनेशनल क्रिकेट में भाग लेना चाहता है,उसे कम से कम 15 साल का होना जरूरी है. वैभव सूर्यवंशी की उम्र 14 साल 251 दिन की है. वह अगले साल 27 मार्च को 15 साल के हो जाएंगे. 15 साल की उम्र के बाद वह इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने के योग्य हो जाएंगे. साल 2020 से पहले यह नियम नहीं था, जिसकी वजह से पाकिस्तान के हसन रजा ने सिर्फ 14 साल और 227 दिनों की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था, जो अब तक का सबसे कम उम्र का रिकॉर्ड है.

टैलैंट ज्यादा जरूरी या उम्र ?

हालांकि वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरह का फॉर्म दिखाया है, ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या किसी खिलाड़ी के टैलेंट को देखना जरूरी या फिर उम्र. साल 2018 में जब मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर से यह सवाल किया गया था कि उन्होंने कहा था कि अगर खिलाड़ी में हुनर है तो उसकी उम्र मायने नहीं रखता, उनका मानना था कि राष्ट्रीय टीम में चयन का पैमाना उम्र नहीं सिर्फ प्रतिभा होनी चाहिए. भारत के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर हैं. सचिन तेंदुलकर ने 16 साल और 205 दिन की उम्र में भारत के लिए पहला टेस्ट मैच खेला था.

TRENDING NOW

बीसीसीआई अगर चाहे फिर…

हालांकि आईसीसी के नियम में एक प्रावधान भी है. इसके तहत अगर आईसीसी को लगता है कि खिलाड़ी के खेल का अनुभव, मानसिक विकास और हेल्थ इंटरनेशनल क्रिकेट की मांगों का सामना करने में सक्षम है तो फिर वह उस खिलाड़ी को 15 से कम उम्र में भी नेशनल टीम की ओर से खेलने की अनुमति दे सकती है. इसके लिए बीसीसीआई को आईसीसी के सामने अर्जी लगानी होगी.