Year Ender 2020: इस साल हफीज ने T20 में बनाए सबसे ज्यादा रन, Top-5 में सिर्फ 1 भारतीय
भारत की ओर से केएल राहुल ने इस वर्ष 11 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले
Published On Dec 26, 2020, 12:41 PM IST
Last UpdatedDec 26, 2020, 12:41 PM IST
Mohammad Hafeez @twitter
साल 2020 अब समाप्त होने को हैं. खिलाड़ियों के साथ साथ फैंस भी इस वर्ष को जल्दी विदा करना चाहते हैं क्योंकि इस वर्ष कोरोनावायरस महामारी (Covid-19 pandemic) के कारण खेल की प्रतियोगिताएं ज्यादा आयोजित नहीं की जा सकीं. क्रिकेट की बात करें तो कई सीरीज को या तो रद्द कर दिया गया या उन्हें आगे स्थानांतरित कर दिया गया.
आइए जानते हैं साल 2020 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाजों के बारे में:
मोहम्मद हफीज
साल 2020 में क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज टॉप पर रहे.
40 वर्षीय मोहम्मद हफीज (Mohammad Hafeez) ने अपने बल्ले से आलोचकों को करारा जवाब दिया. इस खिलाड़ी ने इस वर्ष 10 टी20 मैच खेले और कुल 415 रन बनाए जिसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं.
हफीज ने 8 पारियों में 83 की औसत से रन जुटाए जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 99 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा. भारत के केएल राहुल इस वर्ष टी20 में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहे.
केएल राहुल
लोकेश राहुल (KL Rahul) ने 11 मैचों में 4 अर्धशतकों की मदद से कुल 404 रन बनाए. केएल राहुल ने 10 पारियों में 44.89 की औसत से रन बनाए जिसमें नाबाद 57 रन सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा.
डेविड मलान
इंग्लैंड के बल्लेबाज डेविड मलान (Dawid Malan) के बल्ले से इस वर्ष 10 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कुल 397 रन निकले. डेविड मलान ने 10 पारियों में 49.63 की औसत से कुल 4 अर्धशतक लगाए. इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 99 रन रहा.
टिम सेइफर्ट
न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सेइफर्ट (Tim Seifert) ने 11 मैचों में 352 रन जुटाए. टिम सेइफर्ट ने 50.29 की औसत से कुल रन बनाए जिसमें 4 अर्धशतक शामिल रहे. इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 84 रन रहा.
कतर के कामरान खान (Kamran Khan) 7 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 335 रन बनाकर पांचवें नंबर पर रहे. कामरान ने लगभग 48 की औसत से रन बनाए जिसमें 3 अर्धशतक शामिल है.