साल 2016 की पांच सबसे बड़ी पारियां
भारत के बल्लेबाज करुण नायर ने 2016 की सबसे बड़ी पारी खेली
Published On Dec 26, 2016, 05:21 PM IST
Last UpdatedDec 26, 2016, 05:21 PM IST

साल 2016 में भारतीय टीम ने टेस्ट में बेहतरीन खेल दिखाया और एक मैच भी नहीं गंवाया। इस दौरान भारतीय टीम के कई खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल से दिखाया कि वो आने वाले समय में टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं। तिहरा शतक लगाकर दूसरे भारतीय बनने वाले करुण नायर इस साल टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज रहे। हम आपको बताएंगे कि साल 2016 में वो पांच खिलाड़ी कौन रहे जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाए।
5. एडम वोग्स, ऑस्ट्रेलिया (न्यूजीलैंड के खिलाफ 239 रन): न्यूजीलैंड के खिलाफ फरवरी में खेली गई सीरीज में एडम वोग्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। वोग्स की बल्लेबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने मैच में न्यूजीलैंड को हरा दिया था। वोग्स जब बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए तो ऑस्ट्रेलिया की हालत कुछ अच्छी नहीं थी। ऑस्ट्रेलिया को एक बड़ी पारी की जरूरत थी। ऐसे में वोग्स ने अपनी टीम को निराश नहीं किया और शानदार बल्लेबाजी की। वोग्स ने हर गेंदबाज के खिलाफ रन बनाए। वोग्स ने अपनी 239 रनों की पारी में 3 छक्के और 30 चौके लगाए। वोग्स की पारी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को एक पारी और 52 रनों से हरा दिया था। ये भी पढ़ें: साल 2016 में सबसे ज्यादा छक्के-चौके लगाने वाले बल्लेबाज
4. जो रूट, इंग्लैंड (पाकिस्तान के खिलाफ 254 रन): पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के दौरे पर थी। दोनों ही टीमों के बीच रोमांचक क्रिकेट की पूरी उम्मीद थी और हुआ भी कुछ ऐसा ही। दूसरे मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड का पहला विकेट 25 रनों पर ही गिर गया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जो रूट ने कप्तान एलिस्टेयर कुक के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने ही इंग्लैंड की टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इसी बीच कुक ने अपना शतक पूरा किया। हालांकि शतक पूरा करने के बाद कुक 105 रनों पर आउट हो गए। लेकिन दूसरे छोर पर जो रूट टिके रहे। रूट ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर अपना दोहरा शतक पूरा किया। रूट ने 254 रनों की बेहतरीन पारी खेली। रूट ने अपनी पारी में 27 चौके लगाए। रूट की पारी की बदौलत इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 330 रनों से हराकर सीरीज में बराबरी कर ली थी।
3. बेन स्टोक्स, इंग्लैंड (दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 258 रन): दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर गई इंग्लैंड की टीम पहले मुकाबले को जीत चुकी थी। आत्मविश्वास से लबरेज इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट में टॉस जीतकर पहले ब्ललेबाजी करने का फैसला किया। अच्छी शुरुआत के बाद इंग्लैंड की पारी लड़खड़ा गई और उसके चार खिलाड़ी 167 पर ही आउट हो गए। इसके बाद छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए बल्लेबाज बेन स्टोक्स ने गजब की बल्लेबाजी की। स्टोक्स ने सूझ-बूझ से खेलते हुए पहले अपनी निगाहें जमाईं और फिर इसके बाद अपने शॉट खेलने लगे। स्टोक्स के सामने हर गेंदबाज मामूली नजर आ रहा था। स्टोक्स अंत में 258 रन बनाकर रन आउट हुए। स्टोक्स ने अपनी पारी में 30 चौके और 11 छक्के जड़े। हालांकि मैच का कोई नतीजा नहीं निकल पाया था और मैच बराबरी पर समाप्त हुआ था।
2. अजहर अली, पाकिस्तान (वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 302 रन): वेस्टइंडीज की टीम अबू धाबी में पाकिस्तान के साथ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने आई थी। पहले मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान की तरफ से दोनों सलामी बल्लेबाजों समी असलम और अजहर अली ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 215 रन जोड़े। समी दुर्भाग्यशाली रहे और 90 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन दूसरे छोर पर टिके अजहर अली ने वेस्टइंडीज के हर गेंदबाजे के खिलाफ रन बनाए और पाकिस्तान की टीम को मजबूती की तरफ ले गए। अली ने पहले अपना शतक पूरा किया और फिर दोहरा शतक। अली यहीं नहीं रुके, इसके बाद उन्होंने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया और अपना तिहरा शतक भी ठोक डाला। अली की बेहतरीन बल्लेबाजी की दम पर पाकिस्तान ने पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज को 56 रनों से हरा दिया। ये भी पढ़ें: जब बॉक्सिंग डे टेस्ट में वीरेंद्र सहवाग ने खेली थी 195 रनों की पारी
1. करुण नायर, भारत (इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 303 रन): इंग्लैंड के खिलाफ भारत सीरीज पहले ही जीत चुका था और आखिरी टेस्ट को जीतकर भारत जीत के अंतर को और बढ़ाना चाहता था। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और भारत के सामने 477 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने भी पलटवार करते हुए बेहतरीन खेल दिखाया, लेकिन इन सब में जो सबसे खास था वो था करुण नायर का तिहरा शतक। इस मैच से पहले नायर बुरी तरह फ्लॉप हुए थे। लेकिन आखिरी टेस्ट में उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित करते हुए बेहतरीन बल्लेबाजी की। नायर ने मैदान के चारों तरफ शॉट खेला। नायर ने पहले धीमी बल्लेबाजी की लेकिन जब वह टिक गए तो उसके बाद वह काफी आक्रामक हो गए। इंग्लैंड के गेंदबाद अंत तक उन्हें आउट नहीं कर सके। नायर ने नाबाद 303 रनों की पारी खेली। अपनी पारी में नायर ने 4 छक्के और 32 चौके लगाए। साथ ही वीरेंद्र सहवाग के बाद नायर तिहरा शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए।