• Home
  • News
  • Yearender 2016: Top 10 bowlers from Test cricket

साल 2016 के टेस्ट क्रिकेट के 10 सबसे सफल गेंदबाज

साल 2016 में कई गेंदबाजों ने शुरुआत तो अच्छी की लेकिन कई गेंदबाजों के लिए भारतीय उप- महाद्वीप का दौरा नाइटमेयर साबित हुआ।

Edited By : Devbrat Bajpai |Dec 27, 2016, 04:33 PM IST

Published On Dec 27, 2016, 04:33 PM IST

Last UpdatedDec 27, 2016, 04:33 PM IST

टेस्ट क्रिकेट के शीर्ष गेंदबाज  © Getty Images
टेस्ट क्रिकेट के शीर्ष गेंदबाज © Getty Images

साल 2016 खत्म होने को है और टेस्ट क्रिकेट में पहले नंबर पर टीम इंडिया बरकरार है। टीम इंडिया को इस पोजीशन पर बिठाने का सबसे ज्यादा श्रेय रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन को जाता है जिन्होंने पूरे साल विपक्षी टीम के खिलाड़ियों के नाक पर दम किए रखा। इस दौरान जहां अश्विन भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे तो दूसरे नंबर पर रविंद्र जडेजा रहे। लेकिन इस बीच सवाल उठता है कि टेस्ट क्रिकेट में इस साल के नंबर 10 गेंदबाज कौन हैं और इनमें भारतीय गेंदबाज किस नंबर पर हैं। तो आइए जानते हैं।

10. जेम्स एंडरसन: इंग्लैंड के सफलतम गेंदबाजों में से एक जेम्स एंडरसन के लिए साल 2016 मिला- जुला रहा और वह इस तालिका में नौंवे नंबर पर हैं। इस साल वह चोटों से जूझने के कारण कुल 12 टेस्ट मैच ही खेल पाए। इस दौरान उन्होंने 21 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 41 विकेट लिए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 23.73 का रहा। एंडरसन के लिए इस साल श्रीलंका सीरीज बढ़िया रही जहां उन्होंने तीन मैचों में ही 21 विकेट झटक दिए थे। इसके बाद पाकिस्तान सीरीज उनके लिए मिली जुली रही और उन्होंने चार मैचों में नौं विकेट निकाले। इस सीरीज के बाद एंडरसन चोटिल हो गए थे इसलिए वह बांग्लादेश दौरे पर नहीं गए। लेकिन उन्होंने भारत दौरे के दूसरे टेस्ट से वापसी की। लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने उनकी बखिया उधेड़ दी और पहले टेस्ट में चार विकेट लेने के बाद अगले दो टेस्ट मैचों में उन्हें एक भी विकेट नसीब नहीं हुआ। इस तरह एंडरसन इस साल नौंवें नंबर पर रह गए।  [ Also Read: साल 2016 की सबसे विस्फोटक पारियां]

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

9. नील वेग्नर: न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नील वेग्नर इस साल सबसे सफल टेस्ट गेंदबाजों के बीच आठवें नंबर पर है। उन्होंने इस साल नौ मैचों की 17 पारियों में गेंदबाजी की और 41 विकेट झटके। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 21.04 का रहा। वेग्नर के लिए साल की शुरुआत बेहतरीन रही थी जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए साल के शुरुआती दो मैचों में ही 15 विकेट ले डाले थे। इसके बाद न्यूजीलैंड सीरीज में भी वह खूब चमके और नौ विकेट चटकाए। लेकिन भारत के खिलाफ सीरीज में उनकी चमक एकदम से फीकी पड़ती नजर आई और दो टेस्ट मैच खेलने के बाद कुल पांच विकेट ही ले पाए। साल के अंत में जब वह स्वदेश वापस लौटे तो पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में 9 विकेट लेने के साथ अपने औसत में सुधार किया। इस तरह वह साल के 8वें सफल गेंदबाज रहे।

8. जोश हेजलवुड: जोश हेजलवुड इस साल टेस्ट क्रिकेट के आठवें सफलतम गेंदबाज हैं। उन्होंने इस साल कुल 11 मैचों की 20 पारियों में 42 विकेट झटके हैं और इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 27.85 का रहा है। इस साल हेजलवुड का पारी में बेस्ट गेंदबाजी रिकॉर्ड 6/89 रहा और इस तरह वह ऑस्ट्रेलिया की ओर से इस साल के के दूसरे असरकारी गेंदबाज रहे।

7. रविंद्र जडेजा: भारतीय टीम के लेग स्पिनर रविंद्र जडेजा वर्तमान में इस साल के सातवें सबसे सफल गेंदबाज हैं। इस साल उन्होंने नौ टेस्ट मैचों में 18 पारियों में गेंदबाजी की और 43 विकेट लेने में कामयाबी प्राप्त की। इस दौरान जडेजा का गेंदबाजी औसत 24.55 का रहा। जडेजा के लिए हाल ही में संपन्न हुई इंग्लैंड सीरीज खासी बढ़िया साबित हुई और उन्होंने पांच मैचों में 26 विकेट ले डाले। इसके पहले न्यूजीलैंड सीरीज भी उनके लिए बढ़िया रही थी और जड्डू ने तीन मैचों में 17 विकेट लिए थे। जडेजा इस साल भारतीय टीम की ओर से दूसरे सफलतम गेंदबाज हैं।

6. यासिर शाह: यासिर शाह इस साल पाकिस्तान टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने इस साल खेले कुल 10 टेस्ट मैचों में 46 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 38.69 का रहा है। इस साल उन्होंने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में खूब कहर बरपाया था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों में जहां 19 विकेट लिए थे। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों में 21 विकेट ले डाले थे। लेकिन न्यूजीलैंड सीरीज में वह पूरी तरह से असफल रहे और एक मैच खेलकर वह कोई विकेट लेने में कामयाब नहीं हो पाए। इसके बाद जब ऑस्ट्रेलिया टीम के खिलाफ पाकिस्तान ने सीरीज का पहला मैच खेला तो शाह ने पूरे मैच में कुल 3 विकेट ही लिए।

5. कगीसो रबाडा: दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगीसो रबाडा इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं। रबाडा ने इस साल कुल 9 मैच खेले। इस साल की अब तक की परफॉर्मेंस को देखें तो रबाडा ने कुल 46 विकेट लिए हैं और उनका गेंदबाजी औसत 23.34 का रहा है। इस साल की शुरुआत रबाडा के लिए बेहतरीन रही थी जब उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ही 22 विकेट झटक लिए थे। वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में भी रबाडा ने कहर बरपाया और 15 विकेट झटक दिए।

4. स्टुअर्ट ब्रॉड: साल 2015 की ही तरह साल 2016 भी स्टुअर्ट ब्रॉड के लिए बेहतरीन रहा और उन्होंने 14 मैचों में 48 विकेट झटक दिए। इस दौरान उनका सर्वोच्च प्रदर्शन पारी में 6/17 रहा और वह 26.56 की औसत से विकेट लेने में कामयाब हो पाए। लेकिन वह भारत के खिलाफ सीरीज में कुछ खास नहीं कर सके और यही कारण रहा कि वह इस साल अपने 50 विकेट पूरे करने से दो विकेट पीछे रह गए।

3. मिचेल स्टार्क: ऑस्ट्रेलिया के तूफानी गेंदबाज मिचेल स्टार्क इस साल की शुरुआत में चोटिल हो गए थे। लेकिन चोट से वापसी करते ही स्टार्क ने क्रिकेट के गलियारों में फिर से कहर बरपा दिया। इस साल उन्होंने अब तक कुल 8 मैचों में 50 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 22.58 का रहा है जो कमाल का है। श्रीलंका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों में स्टार्क ने 24 विकेट ले डाले थे। वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में जहां अन्य कोई ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ पाया था वहां भी स्टार्क ने 14 विकेट झटक दिए थे। पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में स्टार्क ने सात विकेट निकाले थे। वहीं मेलबर्न टेस्ट मैच में उन्होंने पांच विकेट लिए और टेस्ट क्रिकेट में इस साल अपने 50 विकेट पूरे कर दिए।

2. रंगना हेराथ: श्रीलंकाई स्पिनर रंगना हेराथ इस साल के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। वह इस साल का अपना अंतिम मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले और मैच में कुल तीन विकेट ही ले पाए। और वह साल में 9 मैच खेलकर कुल 54 विकेट ही ले पाए।  इस साल उन्होंने पांच बार 5 विकेट हॉल लिए हैं और वह यह कारनामा करने वाले इस साल के दूसरे गेंदबाज हैं। इस दौरान उनका पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8/63 रहा। वहीं गेंदबाजी औसत सबसे बेहतरीन 18.92 का रहा। जाहिर है कि अगर उन्हें इस साल और टेस्ट खेलने को मिलते तो नंबर एक के ताज पर वह अपना दावा प्रस्तुत कर सकते थे।

1. रविचंद्रन अश्विन: रविचंद्रन अश्विन इस साल के टेस्ट के सबसे सफल गेंदबाज हैं। इस साल उन्होंने 12 मैचों में कुल 72 विकेट लिए हैं। इस साल के अंतिम टेस्ट में वह दो विकेट लेने में ही कामयाब हो पाए और इस तरह वह कपिल देव के एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक 75 विकेट लेने के रिकॉर्ड को तोड़ने से कुछ अंतर से चूक गए। इस साल अश्विन ने 8 पांच विकेट हॉल लिए। वही पारी में सर्वाधिक तीन 10 विकेट हॉल हासिल किए। इस तरह अश्विन को साल 2016 का आईसीसी टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से भी नवाजा गया।

Editor's Pick