साल 2016 के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर प्रदर्शन
कार्लोस ब्रेथवेट ने टी20 विश्व कप फाइनल मुकाबले में अपने हरफनमौला खेल से विश्व कप वेस्टइंडीज की झोली में डाल दिया
Published On Dec 30, 2016, 03:57 PM IST
Last UpdatedDec 30, 2016, 03:57 PM IST

साल 2016 में अगर कुछ बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने चमक बिखेरी तो कुछ ऐसे भी खिलाड़ी रहे जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन किया। साथ ही इस साल क्रिकेट को कुछ नए उभरते ऑलराउंडर्स मिले। बेन स्टोक्स, रविचन्द्रन अश्विन, कार्लोस ब्रेथवेट, जयंत यादव जैसे ऑलराउंडर्स ने अपनी टीम को गेंद और बल्ले के साथ मैच जिताए। मगर साल के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर प्रदर्शन की दौड़ में कई मैच जिताउ प्रदर्शन लिस्ट में शामिल रहे। तो आइए इस साल के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर्स प्रदर्शन की लिस्ट पर नजर डालते हैं।
टेस्ट:
रविचन्द्रन अश्विन 83-7, 113 रन बनाम वेस्टइंडीज, एंटीगुआ
साल 2016 में रविचन्द्रन अश्विन सिर्फ एक गेंदबाज नहीं बल्कि एक संपूर्ण ऑलराउंडर के रूप में उभर कर सामने आए। वेस्टइंडीज दौरे पर जाते ही उन्होंने इसका प्रदर्शन किया। एंटीगुआ में खेले गए पहले टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में विराट कोहली के साथ शानदार शतक जमाया तो गेंद से भी करामात दिखाते हुए वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में 7 विकेट झटकते हुए भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई। [Also Read: साल 2016 के 5 सबसे रोमांचक टी20 इंटरनेशनल मुकाबले]
दिलरूवान परेरा 70-6, 64 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, गॉल
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में दिलरूवान परेरा ने शानदार ऑलराउंडर खेल दिखाया। परेरा कंगारू टीम पर अकेले ही भारी पड़े। पहली पारी में पहले उन्होंने 4 कंगारू बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा तो बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के लिए दूसरी पारी में शानदार अर्धशतक जमाते हुए 64 रनों की पारी खेली। परेरा इतने पर ही नहीं रूके उन्होंने दूसरी पारी में गेंद से एक बार फिर से कमाल दिखाते हुए 70 रन देकर 6 विकेट चटकाते हुए श्रीलंका को 229 रनों की बड़ी जीत दिलाई। [Also Read: साल 2016 में वनडे क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाज]
रवीन्द्र जडेजा 48-7, 51 रन बनाम इंग्लैंड, चेन्नई
इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट में रवीन्द्र जडेजा शानदार ऑलराउंडर खेल दिखाया लेकिन उनका यह प्रदर्शन करुण नायर के तिहरे शतक में दब कर रह गया। जडेजा ने पहली पारी में इंग्लैंड के 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा तो बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने शानदार अर्धशतक जमाया। जडेजा अगर विकेट पर नहीं टिकते तो नायर अपना तिहरा शतक नहीं जमा पाते। इसके बाद इंग्लैंड ने पांचवें दिन लंच तक एक भी विकेट नहीं गंवाया और मैच ड्रॉ की ओर बढ़ रहा था तभी जडेजा ने अपनी फिरकी का कमाल दिखाते हुए 7 विकेट चटकाकर इंग्लैंड की पारी को समेट दिया और भारत को पारी 75 रनों की बड़ी जीत दिलाई। [Also Read: साल 2016 की सबसे बेहतरीन पारियां]
वनडे:
मशरफे मुर्तजा 29-4, 44 रन बनाम इंग्लैंड, मीरपुर
इंग्लैंड के खिलाफ पहला वनडे हारने के बाद दूसरे वनडे में बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा ने शानदार ऑलराउंडर खेल दिखाते हुए जीत दिलाई। मुर्तजा ने पहले मुश्किल समय में बल्ले से 44 रनों का योगदान दिया उसके बाद इंग्लैंड के टॉप आर्डर को ध्वस्त करते हुए 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। यह मुर्तजा का ऑलराउंडर प्रदर्शन ही था जो बांग्लादेश इस मैच को जीत कर सीरीज बराबरी पर लाने में कामयाब हो पाई।
जेपी डुमिनी 16-4, 52 रन बनाम आयरलैंड
साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर जेपी डुमिनी ने आयरलैंड के खिलाफ एकलौते वनडे मैच में गेंद और बल्ले से अपनी ताकत दिखाते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई। डुमिनी ने पहले बल्ले 43 गेंदों पर 52 रन ठोके तो गेंद से भी उन्होंने सिर्फ 16 रन देकर 4 विकेट चटकाते हुए आयरलैंड की पारी को ध्वस्त किया। [Also Read: ये हैैं साल 2016 के सबसे बेहतरीन बॉलिंग परफॉर्मेंस]
टी20:
कार्लोस ब्रेथवेट 23-3, 34 रन बनाम इंग्लैंड, कोलकाता
वेस्टइंडीज के युवा ऑलराउंडर कार्लोस ब्रेथवेट ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए सबसे बड़े मुकाबले को चुना। उन्होंने टी20 विश्व कप 2016 के फाइनल में पहले गेंदबाजी में 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके तो बल्ले से आग उगलते हुए अंतिम ओवर में लगातार 4 छक्के जमाकर विश्व कप वेस्टइंडीज की झोली में डाल दिया। [Also Read: साल 2016 की सबसे विस्फोटक पारियां]
साकिब अल हसन 27-3, 33 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, बैंगलोर
टी20 विश्व कप में ही बांग्लादेश के ऑलराउंडर साकिब अल हसन ने एक समय ऑस्ट्रेलिया को हार के मुंह में ढकेल दिया था। लेकिन ग्लेन मैक्सवेल ने बांग्लादेश के अरमानों पर पानी फेर दिया। मगर बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर ने अंतिम समय तक संघर्ष किया। साकिब ने पहले बल्ले से तेज 33 रनों की पारी खेली तो गेंद से भी उन्होंने 3 विकेट चटकाए।