वनडे: विराट कोहली, धवन और रोहित शर्मा ने इस साल तोड़े कई रिकॉर्ड
क्रिकेट कंट्री ने चुनी है क्रिकेट छोटे फॉर्मेट में टीम इंडिया के बल्लेबाजों द्वारा खेली इस साल की पांच बेहतरीन पारियां।
Published On Dec 28, 2018, 03:52 PM IST
Last UpdatedDec 28, 2018, 03:52 PM IST
भारतीय बल्लेबाजों ने इस साल वनडे क्रिकेट में जमकर धमाल मचाया। विराट कोहली सबसे तेज 10 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी बने तो रोहित शर्मा ने लगभग हर सीरीज में शतक जमाया।
क्रिकेट कंट्री ने चुनी है क्रिकेट के छोटे फॉर्मेट में टीम इंडिया के बल्लेबाजों द्वारा खेली इस साल की पांच बेहतरीन पारियां।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 112 रन की (डरबन वनडे)
फरवरी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में विराट कोहली की शतकीय पारी के दम पर भारत ने जीत हासिल की। मुश्किल में फंसी टीम के लिए कोहली ने शतक लगा 269 रन के लक्ष्य को आसान बनाया। 67 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद कोहली ने तीसरे विकेट के लिए अजिंक्य रहाणे के साथ 189 रन की साझेदारी कर मैच प्रोटियाज टीम से छीन लिया। कोहली ने 119 गेंद पर 10 चौके की मदद से 112 रन की पारी खेली।
वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 152 रन (गुवाहाटी वनडे)
वेस्टइंडीज के खिलाफ अक्टूबर में सीरीज के पहले मुकाबले में 322 रन का पीछा करने उतरी टीम इंडिया के लिए रोहित शर्मा ने धमाकेदार नाबाद 152 रन की पारी खेली। इस पारी में रोहित के बल्ले से निकले थे कुल 15 चौके और 8 छक्के उन्होंने सचिन के 167 वनडे छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा। यह रोहित की वनडे में छठी 150 से ज्यादा रन की पारी थी। ऐसा करने वाले वह दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन गए। पारी की शुरुआत करने आए रोहित ने भारत को शानदार छक्के के साथ शानदार जीत दिलाई।
वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 157 रन (विशाखापत्तनम वनडे)
विशाखापत्तनम में विराट कोहली के बल्ले से निकली 157 रन की पारी में भले ही वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम को जीत ना दिलाई हो लेकिन इतिहास रच दिया। विराट सबसे कम पारी खेलकर वनडे में दस हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। महज 213 मैच में दस हजारी बन उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड अपने नाम किया। सीरीज के दूसरे मुकाबले में कोहली ने 129 गेंद पर 13 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 157 रन की पारी खेल टीम का स्कोर 321 रन तक पहुंचाया था।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 160 रन (केप टाउन वनडे)
फरवरी में विराट कोहली ने कप्तानी पारी खेलते हुए दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज में लगातार तीसरा मुकाबला जीत छह मैचों की सीरीज में 3-0 की बढ़त बनाई। भारत ने इस मुकाबले में 124 रन की बड़ी जीत हासिल की जिसमें कोहली की रिकॉर्ड 160 रन की पारी अहम रही। कोहली ने 12 चौके दो छक्के की मदद से 159 गेंद पर नाबाद 160 रन बनाए। बतौर कप्तान कोहली का यह 12 वां शतक था जो भारत की तरफ से रिकॉर्ड है। कोहली के शतक के दम पर भारत ने 303 रन बनाए जो दक्षिण अफ्रीका में मेजबान के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा स्कोर है।
पाकिस्तान के खिलाफ 114 रन (दुबई वनडे)
एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा के साथ मिलकर शिखर धवन ने खेली एक ऐसी पारी जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। पाक टीम को 237 रन पर समेटने के बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए शिखर धवन ने 16 चौके और एक छक्के की सहायता से खेली 114 रन की बेहतरीन पारी। इस पारी में धवन ने रोहित के सथ मिलकर 210 रन की ओपनिंग साझेदारी निभाई। यह दोनों की टीम इंडिया के लिए 13वीं शतकीय ओपनिंग पार्टनरशिप थी और उन्होंने सचिन और सहवाग के 12 शतकीय साझेदारी के रिकॉर्ड को तोड़ा।




