शुभमन गिल वनडे डेब्यू करने वाले 227वें भारतीय, धोनी ने दिया कैप
शुभमन गिल भारत की तरफ से वनडे खेलने वाले 227वें खिलाड़ी बनें। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे कैप देकर उनका टीम में स्वागत किया।
Published On Jan 31, 2019, 07:52 AM IST
Last UpdatedJan 31, 2019, 07:52 AM IST
Shubman Gill, 19, receives his first ODI cap from MS Dhoni at Seddon Park. (Image: @BCCI twitter)
भारतीय क्रिकेट टीम की तरफ से न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को डेब्यू करने का मौका मिला। गिल भारत की तरफ से वनडे खेलने वाले 227वें खिलाड़ी बनें। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे कैप देकर उनका टीम में स्वागत किया। गिल को विराट कोहली की जगह टीम में मौका दिया गया है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पांच मैचों की सीरीज के चौथे मैच में पंजाब के बल्लेबाज शुभमन गिल को डेब्यू करने का मौका दिया गया। शुभमन गिल अंडर 19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा था। गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए एक शतक और तीन अर्धशतकीय पारी खेलकर 6 मैच में 372 रन बनाए थे।
कौन हैं शुभमन गिल? टीम इंडिया के नए खिलाड़ी के बारे में जानें
युवा क्रिकेट में गिल के नाम 15 मैच में 1149 रन हैं जिसमें 160 रन उनका सर्वाधिक स्कोर है। इस दौरान उन्होंने चार शतक और 6 अर्धशतक बनाए हैं। गिल एक मात्र बल्लेबाज हैं जिन्होंने अंडर19 क्रिकेट में हजार रन पूरा करते हुए 100 से ज्यादा की औसत से रन बनाए हैं।
Proud moment for young @RealShubmanGill as he receives his #TeamIndia cap from @msdhoni #NZvIND pic.twitter.com/2oRc4ozwZq
— BCCI (@BCCI) January 31, 2019
इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स ने शुभमन गिल को 1.89 करोड़ रुपए देकर टीम में शामिल किया था। केकेआर के लिए 13 मैच खेलते हुए गिल ने 33.83 की औसत से 203 रन बनाए। इस दौरान नाबाद 57 रन उनका सर्वाधिक स्कोर रहा।
घरेलू क्रिकेट में भी गिल ने बल्ले से धमाल मचाया है। पंजाब की तरफ से रणजी मुकाबलों में उन्होंने महज 5 मैच में 98.75 की औसत से 790 रन बनाए। गिल ने इस दौरान दो शतक बनाए। हैदराबाद के खिलाफ गिल के बल्ले से 148 जबकि तमिलनाडु के साथ खेलते हुए उन्होंने 268 रन की पारी खेली थी।