add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

IND vs NZ: हर्षित राणा को लेकर टीम मैनेजमेंट का क्या है 'सीक्रेट' प्लान, तेज गेंदबाज ने सब बता दिया

वडोदरा: ऑलराउंडर्स से भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर का खास लगाव है. यह बात कई बार साबित हो चुकी है. और भारतीय टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने कहा है कि टीम मैनेजमेंट ने उनसे बल्लेबाजी में सुधार करने के लिए कहा है. भारतीय टीम ने रविवार, 11 जनवरी को न्यूजीलैंड को...

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 12, 2026 3:02 PM IST

वडोदरा: ऑलराउंडर्स से भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर का खास लगाव है. यह बात कई बार साबित हो चुकी है. और भारतीय टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने कहा है कि टीम मैनेजमेंट ने उनसे बल्लेबाजी में सुधार करने के लिए कहा है.

भारतीय टीम ने रविवार, 11 जनवरी को न्यूजीलैंड को पहले वनडे में चार विकेट से हराया. भारत की इस जीत में राणा ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई. गेंदबाजी में उन्होंने दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट किया. इसके बाद बल्ले से भी उन्होंने उपयोगी प्रदर्शन किया. भारतीय टीम जब परेशानी में थी तब उन्होंने 23 गेंद पर 29 रन बनाकर भारतीय बैटिंग को राहत थी. राणा को चोटिल वॉशिंगटन सुंदर से पहले बैटिंग के लिए भेजा गया.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में राणा ने कहा, ‘टीम मैनेजमेंट मुझे एक ऑलराउंडर के तौर पर तैयार करना चाहता है. मैं लगातार इस पर काम कर रहा हूं. मैं प्रैक्टिस सेशन के दौरान भी बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित कर रहा हूं. सारी बात आत्मविश्वास की थी. इसमें केएल (राहुल) भाई ने मेरी काफी मदद की.

भारतीय टीम के मुख्य पेस बॉलिंग ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या इस वनडे सीरीज में नहीं खेल रहे हैं. शायद इसी के चलते टीम मैनेजमेंट ने पहले वनडे के लिए रविंद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर दोनों को अंतिम 11 में शामिल किया. टीम मैनेजमेंट लंबे समय से ऑलराउंडर्स को टीम में रखने पर जोर दे रहा है. इसके चलते गंभीर को आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा है.

राणा ने कहा, ‘मेरी टीम चाहती है कि मैं ऑलराउंडर के तौर पर आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करूं. मैं अभ्यास सत्र के दौरान जितना संभव हो सके उसे पर ध्यान देता रहता हूं. मुझे विश्वास है कि जरूरत पड़ने पर मैं निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए 30-40 रन बना सकता हूं और टीम प्रबंधन भी यही मानता है कि मैं ऐसा कर सकता हूं.’

विराट कोहली (93), जडेजा (04) और श्रेयस अय्यर (49) के जल्दी-जल्दी आउट होने के बाद राणा ने राहुल के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी करके भारत को संभाला.

राणा ने कहा, ‘जब तक विराट भाई क्रीज पर थे, ऐसा लग रहा था कि मैच जल्दी खत्म हो जाएगा लेकिन क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है. इसमें आप किसी भी तरह की भविष्यवाणी नहीं कर सकते.’

राणा से जब पूछा गया कि क्या जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में भारतीय गेंदबाजों को नई गेंद से शुरुआती ओवरों में विकेट लेने में दिक्कत होती है, तो उन्होंने कहा कि मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और उनकी तिकड़ी ने अच्छी गेंदबाजी की.

उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि आप कौन सा क्रिकेट देख रहे हैं, लेकिन आज भले ही हमें शुरुआती विकेट नहीं मिले, फिर भी सिराज भाई ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की. नई गेंद से भी हमने ज्यादा रन नहीं दिए. कभी आपको शुरू में विकेट नहीं मिलते हैं लेकिन बाद में मिल जाते हैं और हमने ऐसा ही किया. पिच धीमी थी, और उसमें ज्यादा उछाल भी नहीं था.’