add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

226 का स्ट्राइक-रेट, वैभव सूर्यवंशी ने खेली 190 रन की ताबड़तोड़ पारी, पनाह मांगते दिखे गेंदबाज

बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी की शुरुआत तूफानी अंदाज में की है. बुधवार, 24 दिसंबर 2025 को उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 84 गेंद पर 190 रन की पारी खेली. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 16 चौके और 15 गगनचुंबी छक्के लगाए. सूर्यवंशी का इससे पहले लिस्ट-ए क्रिकेट मे...

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 24, 2025 1:26 PM IST

बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी की शुरुआत तूफानी अंदाज में की है. बुधवार, 24 दिसंबर 2025 को उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 84 गेंद पर 190 रन की पारी खेली. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 16 चौके और 15 गगनचुंबी छक्के लगाए. सूर्यवंशी का इससे पहले लिस्ट-ए क्रिकेट मे रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं था. उन्होंने 6 मैचों में सिर्फ 22 के औसत से 110 रन बनाए थे. इसमें एक हाफ सेंचुरी थी. लेकिन बुधवार को उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के गेंदबाजों की खूब खबर ली. वैभव का स्ट्राइक-रेट 226.19 का रहा.

14 साल के वैभव बिहार की टीम के उपकप्तान भी हैं. उन्होंने महज 36 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. 12वें ओवर में उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में अपनी पहली सेंचुरी पूरी की. वह लिस्ट ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

वैभव विजय हजारे ट्रॉफी के एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए. इस घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट के एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड रुतुराज गायकवाड़ के नाम है. महाराष्ट्र के लिए खेलते हुए उत्तर प्रदेश के खिलाफ अपनी 220 रन की पारी में 16 छक्के लगाए थे. वहीं नारायण जगदीशन ने 277 रन की पारी में तमिलनाडु के लिए खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 15 छक्के लगाए थे.

विजय हजारे में एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

बल्लेबाजमैचछक्के
रुतुराज गायकवाड़महाराष्ट्र बनाम उत्तर प्रदेश16
नारायण जगदीशनतमिलनाडु बनाम अरुणाचल प्रदेश15
वैभव सूर्यवंशीबिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश15
ईशान किशनझारखंड बनाम कर्नाटक14
यशस्वी जायसवालमुंबई बनाम झारखंड12
रियान परागअसम बनाम जम्मू-कश्मीर12
सकिबुल गनीबिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश12

हालांकि वह लिस्ट एक क्रिकेट में सबसे तेज सेंचुरी के रिकॉर्ड से पीछे रह गए. लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैकगर्क के नाम है. जिन्होंने 29 गेंदों पर शतक लगाया था. वैभव अब लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं. वह न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन के बराबर पहुंच गए हैं.

भारत के लिए लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अनमोलप्रीत सिंह के नाम था. अनमोलप्रीत ने पिछले साल पंजाब के लिए खेलते हुए मात्र 35 गेंदों पर सेंचुरी पूरी की थी. इस रिकॉर्ड को बिहार के सकिबुल गनी ने 32 गेंद पर सेंचुरी और झारखंड के ईशान किशन ने 33 गेंद पर सेंचुरी बनाकर तोड़ा.

लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक बनाने वाले बल्लेबाज

बल्लेबाजमैचगेंद
जैक फ्रेजर मैकगर्कसाउथ ऑस्ट्रेलिया बनाम तस्मानिया29
एबी डि विलियर्ससाउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज31
सकिबुल गनीबिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश32
ईशान किशनझारखंड बनाम कर्नाटक33
अनमोलप्रीत सिंहपंजाब बनाम अरुणाचल प्रदेश35
कोरी एंडरसनन्यूजीलैंड बनाम वेस्टइंडीज36
ग्राहम रोजसमरसेट बनाम डेवान36
वैभव सूर्यवंशीबिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश36
शाहिद अफरीदीपाकिस्तान बनाम श्रीलंका37

वैभव के पास लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाने का भी मौका था. लेकिन वह इससे 10 रन से चूक गए. अभी यह रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम है. मुंबई के जायसवाल ने 16 अक्टूबर 2001 को 17 साल 292 दिन की उम्र में झारखंड के खिलाफ 203 रन की पारी खेली थी.

वैभव सूर्यवंशी के लिए 2025 का साल बहुत कमाल का रहा है. वह आईपीएल खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने. सिर्फ 13 साल की उम्र में उन्हें आईपीएल के लिए चुन लिया गया था. 14 साल की उम्र में वह आईपीएल में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने. उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ 38 गेंद पर 101 रन बनाए. पूरे सीजन उन्होंने सात मैचों में 206.55 के स्ट्राइक-रेट से 252 रन बनाए.

आईपीएल के बाद से उन्होंने यूथ क्रिकेट में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में शतक लगाए. इंग्लैंड में उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था. उन्होंने 174.01 के स्ट्राइक-रेट से 355 रन बनाए थे.

ऐसा लगता है कि सूर्यवंशी इस सीजन में विजय हजारे में कुछ ही मैच खेल पाएंगे. इसके बाद वह अंडर-19 टीम के साथ बेंगलुरु में जुड़ेंगे. जो 15 जनवरी से जिम्बाब्वे में शुरू हो रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए जुटेगी.