add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

T20 World Cup 2026: भारत-पाक नहीं हुआ तो ₹ 2200 करोड़ का होगा नुकसान

भारत और पाकिस्तान के बीच अगर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मैच नहीं होता है तो कुल मिलाकर 2200 करोड़ रुपये का रेवेन्यू का घाटा होगा. यह बहुत बड़ी रकम है. यह रकम इतनी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बजट से कई गुना ज्यादा है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - February 3, 2026 3:37 PM IST

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान का क्रिकेट मैच दुनिया में सबसे ज्यादा देखे जाने वाला मुकाबला है. और इस मुकाबले से सबसे ज्यादा रेवेन्यू आता है. एक रिपोर्ट के मुताबिक सिर्फ इसी मैच से 25 करोड़ डॉलर यानी करीब 2200 करोड़ रुपये की कमाई होती है. और अगर यह मुकाबला नहीं होता है तो सभी हितधारकों को बड़ा घाटा हो सकता है.

भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज नहीं होती हैं. और सिर्फ एशिया कप और आईसीसी के टूर्नामेंटों में ही दोनों टीमें आमने-सामने होती हैं. लेकिन इस मुकाबले का इंतजार बड़े पैमाने पर होता है. और आईसीसी भी इस बात से वाकिफ है कि फैंस के बीच कितना रोमांच होता है. इसी वजह से इन्हें एक ही ग्रुप में रखा जाए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में, करोड़ों डॉलर का होगा नुकसान

इस बार भी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं. इनका मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में होना है. लेकिन पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ न खेलने का फैसला किया है. पर इसके गहरे आर्थिक प्रभाव हो सकते हैं. पाकिस्तान अगर अपने फैसले पर अड़ा रहता है तो उसे करोड़ों डॉलर के रेवेन्यू को खोना पड़ सकता है.

आईसीसी को चपत, जियोस्टार को भी होगा बड़ा घाटा

अगर मैच नहीं होता है तो आईसीसी के खजाने को भी गहरी चपत लगेगी. इतना ही नहीं इस टूर्नामेंट के ब्रॉडकास्टिंग अधिकार रखने वाले जियोस्टार को भी बहुत नुकसान होगा. जियो पहले ही आईसीसी के साथ अपने करार पर बातचीत में जुटा है. कंपनी का तीन अरब डॉलर का करार है जिस पर वह दोबारा विचार करने के लिए बातचीत करने की कोशिश कर रहा है.

10 सेकंड के विज्ञापन के मिलते हैं 40 लाख रुपये

इस मुकाबले से जियोस्टार को बड़ी कमाई होने की उम्मीद रही होगी. लेकिन अब अगर यह मैच नहीं होता है तो उसे 200-250 करोड़ रुपये का विज्ञापन रेवेन्यू का नुकसान हो सकता है. इस एक मैच के लिए 10 सेकंड का विज्ञापन 40 लाख रुपये तक जाता है.

पाकिस्तान के नहीं खेलने की स्थिति में भारत को पूरे दो अंक मिलेंगे. लेकिन इसके बाद भी आईसीसी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर भारी आर्थिक जुर्माना लगा सकता है.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की सालाना आय से 7 गुना ज्यादा का तो नुकसान

आईसीसी और पीसीबी के पूर्व संचार प्रमुख समी-उल-हसन बर्नी ने इस मुकाबले की आर्थिक गंभीरता का जिक्र करते हुए कहा, ‘जहां तक प्रतिबंध या नुकसान की बात है, जैसा कि मैंने कहा, एक मैच की लागत 25 करोड़ डॉलर है (इसमें केवल प्रसारक का नुकसान नहीं, बल्कि सभी पहलू शामिल हैं). पाकिस्तान की सालाना आय 3.55 करोड़ डॉलर है, इसलिए अंतर बहुत, बहुत बड़ा है.’

आईसीसी ने कड़े शब्दों में समझाया

‘द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ ने खास सूत्रों के हवाले से बताया कि इस मुकाबले की कीमत करीब 25 करोड़ डॉलर है. अखबार के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान के बीच हर मैच की कीमत इसकी के आसपास आंकी जाती है. पाकिस्तान सरकार की घोषणा के बाद आईसीसी ने जिस लहजे मे पाकिस्तान को चेताया है उसी से पता चलता है कि यह मुकाबला किस दर्जे तक अहमियत रखता है.

Image Courtesy- NotebookLM

आईसीसी ने कहा, ‘सिलेक्टिव भागीदारी का यह रवैया किसी वैश्विक खेल आयोजन की मूलभावना के खिलाफ है. जहां भाग लेने वाली सभी टीमों से तय कार्यक्रम के हिसाब से बराबर शर्तों पर मुकाबला करने की उम्मीद की जाती है.’

बयान में कहा गया, ‘आईसीसी टूर्नामेंट खेल भावना, प्रतिस्पर्धा, निरंतरता और निष्पक्षता पर आधारित होते हैं और सिलेक्टिव भागीदारी प्रतियोगिताओं की भावना और पवित्रता को कमजोर करती है.’

श्रीलंका पहुंच चुकी है पाकिस्तान की टीम

इस पूरे घटनाक्रम के बीच पाकिस्तान टीम सात फरवरी से शुरू हो रहे इस बड़े टूर्नामेंट में अपने अन्य मुकाबले खेलने के लिए कोलंबो पहुंच चुकी है. ICC, PCB और BCCI के बीच 2027 तक भारत-पाकिस्तान मैचों के लिए ‘हाइब्रिड मॉडल (तटस्थ स्थल पर मैच खेलना)’ पर सहमति बन चुकी है, ऐसे में पाकिस्तान बोर्ड के लिए इस तरह के सिलेक्टिव बहिष्कार को उचित ठहराना मुश्किल होगा.

कहां से शुरू हुआ विवाद

इस विवाद की शुरुआत बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर IPL से हटाए जाने के बाद हुई. बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से अपने मैचों को श्रीलंका में कराने की मांग की जिसे आईसीसी से ठुकरा दिया. बांग्लादेश टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम को भारत नहीं भेजने पर अड़ा रहा जिससे उसकी जगह स्कॉटलैंड को इस विश्व कप में शामिल कर लिया गया.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/