×

सेंचुरियन वनडे में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 113 रन से हराया

पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम 45.1 ओवर में 251 रन बना पाई थी जिसके जवाब में श्रीलंका महज 138 रन पर ही ढेर हो गई।

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Published on - March 7, 2019 12:14 AM IST

दक्षिण अफ्रीका ने सेंचुरियन में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे में क्विंटन डी कॉक के 94 रन और रबाडा की शानदार गेंदबाजी के दम पर श्रीलंका को 113 रन से हरा दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम 45.1 ओवर में 251 रन बना पाई थी जिसके जवाब में श्रीलंका महज 138 रन पर ही ढेर हो गई। इस जीत के साथ ही मेजबान ने 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

श्रीलंका की तरफ से सबसे ज्यादा 31 रन ओशाडा फर्नांडो ने बनाए जबकि कुसल मेंडिस ने 24 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से कगीसो रबाडा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए जबकि लुंगी एंगिडी, एनरिच नॉर्टजे और इमरान ताहिर ने दो-दो विकेट हासिल किए।

पढ़ें:- इमरान ताहिर मेरा सबसे अहम हथियार: फाफ डु प्लेसिस

इससे पहले थिसारा परेरा की गेंदबाजी के दम पर श्रीलंका ने दक्षिण अफ्रीका को अच्छी शुरुआत के बाद भी महज 251 रन पर रोक दिया। परेरा ने 26 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि लसिथ मलिंगा और धनंजय डिसिल्वा ने दो-दो विकेट हासिल किए।

दक्षिण अफ्रीका के लिए क्विंटन डी कॉक ने 70 गेंदों पर 94 रन की पारी खेली। वह एक बार फिर से शतक से चूक गए।

इसके बाद में कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 66 गेंदों पर 57 रन बनाये लेकिन केवल पांच विशेषज्ञ बल्लेबाजों के साथ खेल रहे दक्षिण अफ्रीका ने अंतिम छह विकेट 31 रन के अंदर गंवा दिये।

दक्षिण अफ्रीका ने जोहानिसबर्ग में पहला मैच आठ विकेट से जीता था दूसरा मैच जीतकर सीरीज में उसको 2-0 की बढ़त मिल गई है।