- क्रिकेट न्यूज़
- News
- 2nd Time in 10 Years India Chased 250 plus score in odi without rohit and virat fifty
ENG vs IND: न विराट चले, न रोहित, भारत ने 10 साल में सिर्फ दूसरी बार हासिल की है ऐसी खास जीत
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज के पहले मैच में भारत ने 6 विकेट से जीत हासिल की है. इस मैच में रोहित और विराट दोनों ही कुछ खास नहीं कर पाए.
Published On Jul 15, 2026, 08:36 AM IST
Last UpdatedJul 15, 2026, 08:36 AM IST
रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए. (फोटो- IANS)
नई दिल्ली: भारतीय टीम की बल्लेबाजी लंबे अर्से से रोहित शर्मा और विराट कोहली पर निर्भर रही है. खास तौर पर वनडे फॉर्मेट में इन दोनों ने टीम को कई जीत दिलाई हैं. इन दोनों में से अगर किसी का योगदान न हो तो भारत के लिए खास तौर पर लक्ष्य हासिल करना मुश्किल हो जाता है. और अगर आप आंकड़े देखेंगे तो यह बात और आसानी से समझ आएगी.
इस दौरे पर भारत की पहली जीत
भारत ने इंग्लैंड को तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में 6 विकेट से हरा दिया. मंगलवार को एजबेस्टन में खेले गए मैच में भारत के सामने 259 रन का लक्ष्य था जो उसने 28 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. भारतीय टीम के लिए इस दौरे पर यह पहली जीत है. पहले आयरलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल स रीज में 0-2 और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ 0-4 से भारत को करारी शिकस्त मिली थी. वनडे सीरीज में भारत कई सीनियर खिलाड़ियों के साथ उतरा है. इस सीरीज के लिए रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी टीम के साथ जुड़े. और इसके बाद भारत ने वनडे सीरीज का आगाज जीत के साथ किया.
बीते 10 साल. यानी 2016 के बाद वनडे इंटरनेशनल में सिर्फ दूसरा मौका है जब टीम ने रोहित और विराट की हाफ-सेंचुरी के बिना भारत ने 250 से ज्यादा का टारगेट हासिल किया हो. इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ 2022 में खेले गए वनडे मुकाबले में भारत ने 260 रन का लक्ष्य हासिल किया था. उस मैच में रोहित और विराट दोनों ने 17-17 रन बनाए थे.
क्या रहा भारत और इंग्लैंड पहले ODI का हाल
मंगलवार को खेले गए मैच की बात करें तो इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया. इंग्लैंड की टीम ने एक समय पर 107 रन पर अपने छह विकेट गंवा दिए थे. यहां से उसके लिए मैच में वापसी मुश्किल लग रही थी. लेकिन, टीम किसी तरह 258 के स्कोर तक पहुंची. जो रूट के नाबाद 76 और लियाम डाउसन के 68 रन की मदद से इंग्लैंड ने 250 का स्कोर पार किया. इंग्लैंड के लिए इन दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी की. हालांकि इंग्लैंड पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाया और 47.5 ओवर में ऑल आउट हो गया. बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल ने चार विकेट लिए. 968 दिन बाद वनडे इंटरनेशनल खेल रहे जसप्रीत बुमराह ने 9 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट लिया.
फैंस की उम्मीद पर खरे नहीं उतरे रोहित और विराट
भारत के लिए लंबे वक्त बाद एक साथ खेल रहे रोहित और विराट से हालांकि फैंस को बहुत उम्मीद थी. लेकिन इन दोनों ही खिलाड़ियों के बल्ले से बड़ी पारी नहीं निकली. रोहित ने 21 गेंद पर 11 और विराट ने 6 गेंद पर 5 रन बनाए. कप्तान शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 80 रन बनाए. वह रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर गए. चार विकेट पर 160 रन बनाकर भारत थोड़ी चिंताजनक स्थिति में तो था लेकिन यहां से ऑलराउंडर्स अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने बागडोर संभाली. दोनों ने अर्धशतक लगाए. सुंदर ने 52 और पटेल ने 57 रन की नाबाद पारियां खेलीं. दोनों के बीच हुई 102 रन की पार्टनरशिप ने भारत को सीरीज में 1-0 से बढ़त दिला दी.