- क्रिकेट न्यूज़
- News
- 3 big questions india need to find answer ahead of 1st T20I against England, Samson out and Vaibhav In?
IND vs ENG: T20I से पहले भारत को तलाशने होंगे 3 अहम सवालों के जवाब, उसके बिना हो जाएगी मुश्किल!
ENG vs IND: भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 आज, बुधवार 1 जुलाई को खेला जाएगा. इस मैच से पहले टीम इंडिया के सामने कई अहम सवाल हैं. और इनका जवाब श्रेयस अय्यर ऐंड कंपनी का काम आसान कर देगा.
Published On Jul 01, 2026, 02:30 PM IST
Last UpdatedJul 01, 2026, 02:30 PM IST
india vs england
India vs England 1st T20I Predicted 11: भारत के पास गम मनाने का ज्यादा वक्त नहीं है. अब परीक्षा कठिन है. अगर आयरलैंड के खिलाफ सीरीज को प्री-बोर्ड कहा जाए तो इंग्लैंड के मुकाबले बोर्ड के मुश्किल एग्जाम जैसे हैं. और प्री-बोर्ड ने ही दुनिया की नंबर वन टी20 टीम को पेचीदगी में उलझा दिया तो अगली परीक्षा से पहले चेत जाना और जरूरी हो जाता है. ऐसे में भारतीय टीम के सामने तीन बड़े सवाल हैं. और सीरीज के शुरुआती मैच में इनके जवाब तलाशे जाएंगे.
क्या वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका?
श्रेयस अय्यर की कप्तान के रूप में शुरुआत अच्छी नहीं रही. आयरलैंड को भारत के लिए आसान प्रतिद्वंद्वी माना जा रहा था. लेकिन उसने दोनों टी20 मैचों में भारत को हराया. सवालों के घेरे में मुख्य रूप से भारतीय बल्लेबाजी रही. वर्ल्ड कप के स्टार संजू सैमसन दूसरे मैच में पहली गेंद पर आउट हुए. स्कोरर को परेशान किए बिना. अभिषेक ने पहले मैच में 49 रन बनाए. लेकिन दूसरे भी वह भी खाता नहीं खोल सके. और ईशान किशन ने दोनों मुकाबलों में कुल जमा 18 रन का योगदान दिया. और टॉप 3 की इसी असफलता ने एक बड़े सवाल को पूछे जाने की वजह को और पुख्ता किया. सवाल वही, क्या वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा?
कैप मिलेगी या बढ़ेगा इंतजार
वैभव से जुड़ा यह एक पूरक प्रश्न है. वह सिर्फ 15 साल के हैं. लेकिन आज के दौर में शायद सबसे चर्चित क्रिकेटर. उनके बारे में सबसे ज्यादा बातें हो रही हैं. आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर उन्होंने ऑरेंज कैप अपने नाम की. जसप्रीत बुमराह हों या जॉश हेजलवुड, सभी पर वैभव का बल्ला चला. इसके अलावा घरेलू और एज ग्रुप क्रिकेट में भी बाएं हाथ के इस ओपनर ने खूब रन बनाए. तभी तो आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली टी20 टीम में उन्हें चुना गया. वह भारत के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बने. लेकिन भारत की सीनियर टीम की जर्सी में उन्हें खेलते देखने के लिए फैंस का इंतजार अभी पूरा नहीं हुआ है.
श्रेयस अय्यर के बयान से बढ़ा सस्पेंस
मैच से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस बात से इनकार किया कि सूर्यवंशी के डेब्यू के लिए बाहर से भी मांग आ रही है. उन्होंने कहा,‘मैने ऐसा कुछ नहीं देखा. मुझे सच में नहीं पता. मैं समाचार नहीं देखता और न ही सोशल मीडिया. मैने कुछ नहीं सुना.’ इसके साथ ही उन्होंने वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के खिलाड़ियों को और मौका देने की बात कही. तो क्या… वैभव के लिए अभी वह ‘सही’ वक्त नहीं आया है जिसका जिक्र सहायक कोच रेयान टेन डेस्काते कर चुके हैं.
वरुण चक्रवर्ती तो आए, पर बाहर कौन?
वरुण चक्रवर्ती का फिट होकर टीम के साथ जुड़ना बहुत राहत की बात है. गौतम गंभीर की कोचिंग प्लानिंग में यह मिस्ट्री स्पिनर काफी अहम किरदार निभाता है. पर सवाल यह है कि इंग्लैंड, जहां सीमर्स को ज्यादा तवज्जो दी जाती है, वहां यह फिरकी गेंदबाज कैसे फिट होगा. दूसरा, अगर आप वरुण को टीम में रखते हैं तो अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और प्रिंस यादव की तिकड़ी में से किसे बाहर किया जाएगा. हर्षित ने गेंद और बल्ले दोनों से प्रभावित किया, प्रिंस यादव को आयरलैंड के खिलाफ एक ही मैच में मौका मिला. और उसमें उन्होंने तीन विकेट लिए. और अर्शदीप तो भारत के सबसे कामयाब टी20 इंटरनेशनल बॉलर हैं. यानी यह सवाल भी आसान नहीं.
सूर्यांश शेडगे पर किया जाएगा भरोसा?
सूर्यांश शेडगे को आयरलैंड के खिलाफ एक मैच में मौका मिला. उसमें उन्होंने 2 ओवरों में 25 रन दिए. और बल्ले से सिर्फ एक रन बनाया. पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर कहते हैं कि यह खिलाड़ी 3-4 ओवर गेंदबाजी नहीं कर सकता. तो, क्या 23 साल के इस खिलाड़ी को इंग्लैंड जैसे मजबूत विपक्षी के सामने टीम का हिस्सा बनाया जाएगा. टीम में शिवम दूबे के रूप में एक तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर है. तो, क्या सूर्यांश को भी इसी लिस्ट में रखा जाएगा. गंभीर क्रिकेट में लंबे बल्लेबाजी क्रम के हिमायती रखते हैं. तो, ऐसे में देखना होगा कि क्या सूर्यांश के रूप में एक ऑलराउंडर रखा जाता है या टॉप ऑर्डर में अतिरिक्त बल्लेबाज को मौका मिलता है.
भारत (संभावित) 1 वैभव सूर्यवंशी, 2 अभिषेक शर्मा, 3 ईशान किशन (विकेटकीपर), 4 श्रेयस अय्यर (कप्तान), 5 तिलक वर्मा, 6.शिवम दुबे, 7 अक्षर पटेल, 8 हर्षित राणा, 9 अर्शदीप सिंह, 10, प्रिंस यादव, 11 वरुण चक्रवर्ती