×

ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज- पहला दिन: वोग्स और मार्श ने बनाया शतक, मुश्किल में वेस्टइंडीज

पहले ही दिन ऑस्ट्रेलिया ने मैच पर मजबूत पकड़ बनाई, रंग नहीं दिखा सकी वेस्टइंडीज गेंदबाजी

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Updated on - December 10, 2015 1:27 PM IST

होबार्ट टेस्ट में वोग्स और मार्श चौथे विकेट के लिए 317 रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।© Getty Images
होबार्ट टेस्ट में वोग्स और मार्श चौथे विकेट के लिए 317 रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।© Getty Images

होबार्ट, वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया काफी मजबूत स्थिति में पहु्ंच चुका है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 3 विकेट पर 438 रन बना लिये हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम वोग्स और शॉन मार्श ने शानदार शतक जमाएं। लंबे समय से ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह बनाने का प्रयास कर रहे 36 वर्षीय वोग्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 174* रनों की मैराथन पारी खेली। इस पारी में उनका साथ दिया टीम में वापसी करने वाले शॉन मार्श ने। मार्श ने अपने टेस्ट करियर का तीसरा शतक जमाते हुए 139* रनों की शानदार पारी खेली। वोग्स और मार्श ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक चौथे विकेट के लिए 317* रन जोड़ कर वेस्टइंडीज को मुश्किल में डाल दिया है।

आज सुबह टॉस ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। डेविड वार्नर और जो बर्न्स ने ऑस्ट्रेलिया के लिए तेज शुरूआत करते हुए पहले 50 रन मात्र 48 गेंदों में ही बना दिये। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए मात्र 11 ओवरों में 75 रन जोड़ दिये। इस साझेदारी में वार्नर ज्यादा आक्रामक दिखे। आउट होने से पहले वार्नर ने 61 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 64 रन बनाएं। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्मिथ पहली पारी में कुछ खास नहीं कर सके और केवल 10 रन ही बना सके। 75 के स्कोर पर पहला विकेट गंवाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अगले दो विकेट जल्दी-जल्दी गवां कर मुश्किल में फंसती दिखी, लेकिन वोग्स और मार्श ने चौथे विकेट के लिए 317* रन की साझेदारी निभा कर वेस्टइंडीज की मैच में वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और पूरे दिन वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के हाथ और कोई सफलता नहीं लगने दी। वोग्स ने अपनी नाबाद 174 रनों की पारी में 19 चौके जमाएं जबकि मार्श ने 139* की पारी में 12 बार गेंद को सीमारेखा के पार पहु्ंचाया।

मैच के पहले दिन के खेल में वेस्टइंडीज के गेंदबाज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के सामने पनाह मांगते दिखे। वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने मैच के पहले दिन लगभग पांच रन प्रति ओवर के हिसाब से रन लुटाए जिसकी वजह से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने पहले दिन ही 438 रनों का पहाड़ सरीखा स्कोर बना दिया। वेस्टइंडीज को अगर मैच में वापसी करनी है तो कल सबसे पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी को जल्द से जल्द समेटना होगा। इसके बाद ही वेस्टइंडीज की टीम के मैच में बने रहने की उम्मीद की जा सकती है।

TRENDING NOW