- Home
- News
- A delhi based nurse approached indian cricketer to know secret information for betting purpose in ipl 2020 4309397
IPL में सट्टेबाजी के लिए दिल्ली की नर्स ने खिलाड़ी से साधा संपर्क
इस साल UAE में आयोजित हुए IPL के दौरान दिल्ली की एक नर्स ने एक भारतीय खिलाड़ी से संपर्क कर मैच से जुड़ी सीक्रेट जानकारियां मांगी थी.
Published On Jan 05, 2021, 01:34 PM IST
Last UpdatedJan 05, 2021, 01:34 PM IST
दिल्ली की एक नर्स ने यूएई में इस साल आयोजित हुए आईपीएल (IPL 2020) के दौरान एक भारतीय खिलाड़ी से संपर्क साधकर उससे टीम की कुछ गोपनीय जानकारियां हासिल करने की कोशिश की है. यह नर्स दिल्ली के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में काम करती है. इस महिला पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया के जरिए इस खिलाड़ी से आईपीएल मैच में सट्टेबाजी करने के मकसद से यह गोपनीय जानकारी मांगी थी.
अंग्रेजी दैनिक द इंडियन एक्सप्रेस की एक खबर के मुताबिक, ‘इस नर्स ने 30 सितंबर को इस खिलाड़ी से संपर्क साधा था, तब आईपीएल 2020 शुरू हो चुका था. इस खिलाड़ी ने इसकी सूचना बीसीसीआई (BCCI) की एंटी करप्शन यूनिट (ACU) को दे दी थी और छानबीन के बाद इस मामले को बंद कर दिया गया.’
इस नर्स ने जिस खिलाड़ी से संपर्क किया था, वह करीब दो साल पहले भारत A के लिए क्रिकेट खेल चुका है. हालांकि अभी तक उसके नाम का खुलासा नहीं किया गया है. बीसीसीआई की एसीयू चीफ अजीत सिंह (Ajit Singh) ने इस अखबार को बताया, ‘IPL के दौरान उस खिलाड़ी ने हमें इसकी जानकारी दी थी. हमने इसमें छानबीन की और अब यह मामला बंद कर दिया गया है.’ अजीत सिंह ने बताया, ‘जिस महिला ने इस खिलाड़ी से संपर्क साधा था, उसका किसी सट्टेबाजी गैंग से कोई संबंध नहीं था और उसका तरीका भी बहुत अनाड़ी जैसा था.’
उन्होंने बताया, ‘हमने इस मामले की पूरी तरह से छानबीन की. आरोपी खिलाड़ी को जानती थी. जब उस खिलाड़ी ने इस मामले की शिकायत हमें की तो हमने सभी जानकारियां लीं और बाद में महिला को पूछताछ के लिए भी बुलाया. लेकिन उसकी ओर से कुछ भी नहीं मिला. अब यह मामला खत्म कर दिया गया है.’
इस मामले की जानकारी देते बताया गया, ‘इस नर्स ने खुद को दिल्ली की एक डॉक्टर बताया था, जो एक प्राइवेट हॉस्पिटल में काम करती है. हालांकि उस क्रिकेटर ने कभी भी उस महिला से कोई मुलाकात नहीं की है. वह दोनों सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़े थे.’
इस क्रिकेटर ने बताया था कि उसे महिला के बारे में कोई जानकारी नहीं है कि वह कहां रहती है और क्या करती है. एक ऑनलाइन बातचीत के दौरान उसने कहा था कि वह सट्टा लगाना चाहती है और इसके लिए वह मैच और प्लेइंग XI से जुड़ी कुछ जानकारियां हासिल करना चाहती है.