×

आकाश चोपड़ा ने चुनी वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम, शुभमन गिल की जगह पर क्या बोले?

भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम चुनी है. उन्होंने इस टीम में संजू सैमसन को रखा है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 19, 2025 6:40 PM IST

भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम चुनी है. चोपड़ा हालांकि इस बात पर पूरी तरह आश्वस्त नहीं दिखे कि क्या शुभमन टीम के उपकप्तान होंगे या नहीं लेकिन उन्होंने टीम में उन्हें जरूर रखा. हालांकि चोपड़ा ने यह भी कहा कि टीम किसी ऑलराउंडर को उपकप्तान बना सकती है.

चोपड़ा ने कहा, ‘असली बात तो यह है कि अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल और संजू सैमसन भी टीम के तीन ओपनर्स के रूप में होंगे. मैंने संजू सैमसन को विकेटकीपर और सलामी बल्लेबाजी में विकल्प के तौर पर चुना है. अभिषेक शर्मा के बारे में क्या ही बात करें. मुझे लगता है कि वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज होंगे.’

उन्होंने आगे कहा, ‘अगर आप इस बात को लेकर हैरान हैं कि शुभमन गिल को क्यों चुना गया है, तो अगर आपने किसी को उपकप्तान बनाया है, तो आप उसे इतनी जल्दी नहीं हटाते. मैं यह कहने का जोखिम नहीं लूंगा कि शुभमन ही इस टीम के उपकप्तान होंगे. टीम शायद इस विकल्प को खुला रखना चाहती है. या टीम सिर्फ अपने विकल्प को खुले रखने के लिए हार्दिक पंड्या को उपकप्तान बना सकती है.’

चोपड़ा ने इसके बाद तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव को मिडल-ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर चुना. चोपड़ा ने कहा कि इस टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में ही होगी.

उन्होंने कहा, ‘इसके बाद मिडल-ऑर्डर बल्लेबाजों की बारी आती है. अगर आपके पास टॉप में अभिषेक हैं तो मिडल-ऑर्डर में तिलक वर्मा हैं. दोनों भरोसेमंद बल्लेबाज हैं. इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव होंगे. अगर आप सोच रहे हैं कि सूर्या ने हालिया वक्त में रन नहीं बनाए तो देखिए वह 2024 से लगातार रन बनाते रहे हैं. वह हमारे कप्तान रहेंगे.’

इसके बाद चोपड़ा ने जितेश शर्मा को दूसरे विकेटकीपर और मिडल-ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर रखा. चोपड़ा ने हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल और शिवम दूबे को ऑलराउंडर्स के रूप में चुना. वॉशिंगटन सुंदर चोपड़ा की चुनी टीम में अतिरिक्त ऑलराउंडर के तौर पर थे. की नजर बात गेंदबाजों की करें तो इस क्रिकेटर से कॉमेंटेटर बने चोपड़ा ने जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती को रखा.

उन्होंने कहा, ‘अगर संजू सैमसन खेलते हैं तो भी जितेश शर्मा खेलेंगे. क्योंकि इस टीम ने वॉशिंगटन सुंदर को तरजीह देना शुरू कर दिया है. मुझे लगता है कि टीम में रिंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर के बीच मुकाबला होगा. लेकिन ऐसा हो सकता है टीम को लगे हम रिंकू को बिलकुल इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे. तो शायद सुंदर को ही टीम में चुना जाएगा.’

TRENDING NOW

अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), जितेश शर्मा, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, शिवम दूबे, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव और हर्षित राणा