सरफराज, मिकी ऑर्थर ने एशिया कप में टीम चुनने में की चूक: आमिर सोहेल
एशिया कप 2018 में पाकिस्तान का सफर बेहद खराब रहा। पाकिस्तान को भारत से दो बार हार का सामना करना पड़ा।
Published On Oct 04, 2018, 01:15 PM IST
Last UpdatedOct 04, 2018, 01:15 PM IST
Sarfraz Ahmed (File Photo) © Getty Images
एशिया कप 2018 में पाकिस्तान का सफर बेहद खराब रहा। उसे दो बार भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा। अफगानिस्तान के सामने भी पाकिस्तान जूझता नजर आया। शोएब मलिक की शानदार पारी की मदद से उसे आखिरी ओवर में अफगानिस्तान के सामने जीत मिली। बांग्लादेश से सुपर-4 के मुकाबले में हारने के साथ ही पाकिस्तान के एशिया कप मे सफर का अंत हो गया। फाइनल में बांग्लादेश को हराकर रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने सातवीं बार टूर्नामेंट पर कब्जा किया।
पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज आमिर सोहेल का मानना है कि टीम के कप्तान सरफराज अहमद और कोच मिकी ऑर्थर ने मैच के दौरान टीम का सिलेक्शन करने में गलतियां की। जिसके कारण टीम ने एशिया कप 2018 में खराब प्रदर्शन किया। पाक पैशन डॉट नेट में लिखे अपने लेख में आमीर सोहेल ने कहा, “टीम मैनेजमेंट ने अपनी स्ट्रेंथ और वीकनेस को पहचानने में गलती की।”
उन्होंने कहा, “अगर हम एशिया कप में हारने के कारणों को तलाशने का प्रयास करेंगे तो पाएंगे कि हमारा टीम कॉम्बिनेशन काफी खराब था। ऐसा लगा कि हम रेस में गलत घोड़े पर सवार होकर आए थे। भविष्य को देखे बिना ही हमारी प्लानिंग सीरीज के दौरान नजर आई। प्रेशर की स्थिति को टीम मैनेजमेंट संभाल नहीं पाया। मैनेजमेंट ने जल्दी जल्दी में टीम में बदलावा किए।”
पाकिस्तान के लिए 47 टेस्ट और 156 वनडे खेल चुके आमिर सोहेल ने कहा अगर कोई टीम का सबसे अच्छा कप्तान और अच्छा कोच बनना चाहता है तो उन्हें अपने खिलाड़ियों की क्षमता को समझना होगा। आमिर सोहेल ने बताया बांग्लादेश के खिलाफ 240 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान आसिफ अली को नीचे धकेलते हुए स्पिन गेंदबाज शादाब खान को पहले खिलाया गया। शादाब महज चार रन बनाकर आउट हो गए। जिसके कारण टीम ने 94 रन के स्कोर पर ही अपने पांच विकेट खो दिए। आसिफ अली 31 रन बनाकर आउट हुए।
आमिर सोहेल ने कहा मैं टीम को लेकर ज्यादा नकारात्मकता नहीं फैलाना चाहता हूं, लेकिन अगर टीम मैनेजमेंट अपनी गलतियों से नहीं सीखता है तो ये बेहद दुखद होगा। कप्तान सरफराज अहमद को समझना होगा कि उन्हें कैसे अपने खिलाड़ियों से बेस्ट रिजल्ट लेना है। मुझे लगता है कि टीम को स्पेशलिस्ट बल्लेबाज और गेंदबाज को टीम में जगह देने पर ध्यान देना चाहिए। अगर हम किसी ऑलराउंडर को टीम में जगह देते भी हैं तो हमें ये सुनिश्चित करना चाहिए कि वो बल्लेबाजी और गेंदबाजी में से किसी एक में स्पेशलिस्ट हो।