add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

एबी डि विलियर्स ने CSK में उठाए महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका पर सवाल, बोले- यह बहुत मुश्किल है...

महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स में किस भूमिका से खेलेंगे यह बड़ा सवाल है. और इसे लेकर एबी डि विलियर्स ने बड़ी बात की है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - March 17, 2026 6:12 PM IST

नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने मंगलवार को बेबाक राय देते हुए कहा कि महेंद्र सिंह धोनी को आगामी आईपीएल में शीर्ष छह में बल्लेबाजी करनी चाहिए क्योंकि आठवें या नौवें नंबर पर आने से उनकी मौजूदगी के साथ न्याय नहीं होता.

धोनी 44 साल के हो चुके हैं और 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल में अपनी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के लिए खेलेंगे और डिविलियर्स ने इस करिश्माई खिलाड़ी से पिछले कुछ वर्षों में बल्लेबाजी क्रम में बहुत नीचे खेलने की रणनीति को बदलने की अपील की. ​​

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

अगले आईपीएल सीजन में सीएसके में धोनी की भूमिका पर बात करते हुए डिविलियर्स ने कहा, ‘यह बहुत मुश्किल है और सीधा-सीधा मामला नहीं है. ब्रांड बनने में वर्षों लगते हैं और सीएसके ने धोनी की शख्सियत के साथ कई वर्षों में यह साम्राज्य खड़ा किया है जो हमेशा से वहां मौजूद रहे हैं. जब आप सीएसके का नाम लेते हैं तो तुरंत आपके दिमाग में धोनी का नाम आता है.’

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि पिछले कुछ वर्षों में उनकी भूमिका पूरी तरह से उस ब्रांड को जितना हो सके उतना मजबूत बनाए रखने की रही है. इसीलिए मुझे आठ या नौ नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उनकी कोई भूमिका नजर नहीं आती और ना ही वह पिछले सत्र की तरह कुछ खास कर पा रहे हैं.’

डिविलियर्स ने कहा, ‘हम जानते हैं कि वह बल्ले से असरदार हो सकते हैं लेकिन अगर वह इतनी नीचे बल्लेबाजी कर रहे हैं और कप्तानी भी नहीं कर रहे हैं तो ऐसा लगता है कि वह गलत कारणों से बस टीम में एक जगह भर रहे हैं. उनके लिए अब भी टीम में जगह है लेकिन उन्हें बल्लेबाजी के लिए ऊपर आना होगा, कम से कम नंबर छह पर और कभी-कभी तो पांच या चार नंबर पर भी.’

उन्होंने कहा, ‘ये मुश्किल हालात हैं लेकिन संजू सैमसन कप्तानी संभालने के लिए सही आदमी हैं और इसका श्रेय धोनी को जाता है क्योंकि वह सही आदमी के आने का इंतजार करते हुए टीम में बने रहे. अगर धोनी खेलते हैं तो मैं चाहता हूं कि वह खुद पर और अधिक दबाव डालें और उन बड़े पलों को संभालने वाले खिलाड़ी बनें.’

सीएसके ने आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले सैमसन को ट्रेड करने का फैसला किया जो उनकी भविष्य की योजनाओं का हिस्सा था.

पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने सैमसन के सीएसके से जुड़ने पर अपने विचार साझा करते हुए कहा, ‘एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक भारतीय क्रिकेट में कमान सौंपी गई है – सुनील गावस्कर से सचिन तक, फिर विराट तक, और महेंद्र सिंह धोनी भी उस दौर का हिस्सा रहे हैं.’

उन्होंने कहा, ‘राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली जैसे खिलाड़ी थे जिनके बाद धोनी और विराट कोहली आए जिनका जलवा आज भी कायम है और वे लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं.’

कुंबले ने कहा, ‘इस लिहाज से संजू का टीम में आना सीएसके के लिए एक बेहतरीन कदम है. सोने पर सुहागा यह है कि आईपीएल से ठीक पहले उनकी फॉर्म जबरदस्त रही है और उन्होंने लगातार तीन शानदार पारियां खेलकर भारत को विश्व कप जिताया है.’ कुंबले का यह भी मानना है कि सीएसके के फैन सैमसन के साथ आसानी से जुड़ पाएंगे.