×

संजू सैमसन ने किया निराश, अब इस खिलाड़ी को मिले मौका, पूर्व क्रिकेटर ने की डिमांड

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज के पांच मैचों में तीन मैच में संजू सैमसन को बल्लेबाजी का मौका मिला, मगर वह सिर्फ 32 रन बना सके

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - August 15, 2023 9:53 PM IST

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में संजू सैमसन को लगातार मौके दिए गए, मगर सैमसन उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. टी-20 सीरीज के पांच मैच में तीन मैच में संजू सैमसन को बल्लेबाजी का मौका मिला, मगर वह तीन मैच में 13 रन के उच्च स्कोर के साथ सिर्फ 32 रन बना सके. सैमसन के फ्लॉप शो के बाद अब उनके विकल्प की बात कही जा रही है. पूर्व भारतीय ऑलराउंडर अभिषेक नायर ने संजू सैमसन का विकल्प बताया है.

अभिषेक नायर ने जियो सिनेमा पर कहा, संजू सैमसन ने एक बेहतरीन मौका खो दिया है, उसे निश्चित रूप से फिर से मौका मिलेगा क्योंकि वह संजू सैमसन है. उन्होंने कहा कि लेकिन एक सवाल यह भी है कि क्या संजू सैमसन नंबर छह के बल्लेबाज हैं. उन्हें बल्लेबाजी क्रम में ऊपर मौका मिलना चाहिए

संजू सैमसन की जगह रिंकू सिंह को मिले मौका

अभिषेक नायर ने कहा, यदि आप संजू सैमसन को नंबर पांच या छह पर बैटिंग का मौका दे रहे हैं तो उनकी जगह सही विकल्प रिंकू सिंह हैं. रिंकू सिंह में बड़े शॉर्ट्स खेलने की क्षमता है और वह नंबर छह पर आकर शानदार बैटिंग कर सकते हैं और फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने कहा कि संजू सैमसन के लिए नंबर छह सही जगह नही है, लेकिन मुझे लगता है कि उन्हें आगे अभी और मौके मिलेंगे.

वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में फ्लॉप रहे संजू सैमसन

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज के पहले मैच में संजू सैमसन 12 रन बनाकर रन आउट हो गए थे, वहीं दूसरे टी-20 में वह सिर्फ सात रन बना सके. सीरीज के तीसरे और चौथे टी-20 में सैमसन को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला. वहीं सीरीज के पांचवें और आखिरी टी-20 मैच में वह भी नाकाम रहे और सिर्फ 13 रन बना सके.

आयरलैंड सीरीज में सैमसन नजर आएंगे, रिंकू सिंह भी टीम में शामिल

आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में संजू सैमसन और रिंकू सिंह दोनों खिलाड़ियों को मौका दिया गया है. इस सीरीज में रिंकू सिंह पर खास नजरें होगी, जिन्हें अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पहली बार मौका मिला है. 18 अगस्त से भारत और आयरलैंड के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी.