Asia Cup 2025: फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, बांग्लादेश को 41 रन से हराया, अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी
अभिषेक शर्मा ने 37 गेंद में छह चौके और पांच छक्के जड़ित 75 रन की पारी की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 168 रन बनाए. बांग्लादेश की टीम 19.3 ओवर में 127 रन पर ढेर हो गई.
Published On Sep 24, 2025, 07:08 PM IST
Last UpdatedSep 24, 2025, 07:08 PM IST
Abhishek Sharma
IND VS BAN: अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के बाद कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी की मदद से भारत ने एशिया कप 2025 के फाइनल में जगह बना ली है. बुधवार को खेले गए मैच में भारत ने बांग्लादेश को 41 रन से हरा दिया. एशिया कप का दूसरा फाइनलिस्ट पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाले मैच के बाद तय होगा. पाकिस्तान और बांग्लादेश में जो भी टीम मुकाबला जीतेगी, वह 28 सितंबर को फाइनल में भारतीय टीम से भिड़ेगी. श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है.
भारतीय टीम ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 37 गेंद में छह चौके और पांच छक्के जड़ित 75 रन की पारी की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 168 रन बनाए. बांग्लादेश की टीम 19.3 ओवर में 127 रन पर ढेर हो गई. भारतीय टीम ने इस फील्डिंग में निराश किया और कई कैच टपकाए. भारत का अगला मुकाबला 26 सितंबर को श्रीलंका के साथ होगा. अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.
169 रन के टारगेट का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने तंजिद हसन (01) का विकेट जल्दी गंवा दिया, मगर इसके बाद सैफ हसन और परवेज हुसैन इमोन ने पारी को संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने 42 रन की साझेदारी की. परवेज हुसैन (21) को कुलदीप यादव ने अपना शिकार बनाया, इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई. सैफ हसन ने अर्धशतक लगाया, उनके अलावा कोई और बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका.
सैफ हसन ने 51 गेंद में 69 रन की पारी खेली और जसप्रीत बुमराह का शिकार बने. कुलदीप यादव ने एक ही ओवर में रिशाद हुसैन और तंजिम हसन शाकिब को आउट किया. बांग्लादेश की टीम 19.3 ओवर में 127 रन पर ढेर हो गई. कुलदीप यादव ने चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट लिए, वहीं जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिए. वरुण चक्रवर्ती को भी दो सफलता मिली.
अभिषेक- गिल ने दिलाई भारत को धमाकेदार शुरुआत
भारत ने जब बल्लेबाजी शुरू की तो पावरप्ले के पहले तीन ओवर इतने खास नहीं रहे, लेकिन चौथे ओवर में गिल और अभिषेक ने बाएं हाथ के स्पिनर नासुम अहमद की गेंद पर एक-एक छक्का लगाकर 21 रन बटोरे. अभिषेक ने बांग्लादेश के सबसे अनुभवी टी20 गेंदबाज मुस्तफिजुर की गेंद पर लांग ऑन पर छक्का जड़ा जो भारतीय डगआउट के पास जाकर उछल गया. इस ओवर की समाप्ति पर पारी के 50 रन पूरे हुए और अभिषेक ने बैकवर्ड प्वाइंट पर तीसरा छक्का लगाया. पावरप्ले खत्म होने तक भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 72 रन था जिसमें पावरप्ले के अंतिम तीन ओवर में 56 रन बने.
रिशाद ने फिर गिल (19 गेंद में 29 रन) को आउट किया, अभिषेक ने 25 गेंद में टूर्नामेंट में अपना लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया और 200 का शानदार स्ट्राइक रेट बनाए रखा. कलाई के स्पिनर के खिलाफ भारत की दुबे (02) को भेजने की रणनीति काम नहीं आई और रिशाद ने लेग ब्रेक से अपना दूसरा विकेट हासिल किया जिसे मुंबई का यह बल्लेबाज टर्न के उलट दिशा में खेलना चाहता था, अभिषेक के रन आउट होते ही भारत की लय पूरी तरह बिगड़ गई.
आखिरी 10 ओवर में बांग्लादेश ने की वापसी
दूसरे छोर पर भारतीय बल्लेबाजों ने कुछ खराब शॉट खेले जिसमें शुभमन गिल, तिलक वर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव शामिल रहे. सूर्यकुमार को कार्यवाहक कप्तान और विकेटकीपर जेकर अली ने लेग साइड में शानदार कैच आउट किया. टीम प्रबंधन संजू सैमसन को बल्लेबाजी क्रम में शीर्ष सात में फिट नहीं कर सका. भारतीय टीम ने जहां पहले 10 ओवरों में 96 रन बनाए तो वहीं अगले 10 ओवर में 72 रन ही बना सके जिसमें अक्षर पटेल (15 गेंद में 10 रन) को सैमसन से ऊपर भेजा गया. कप्तान सूर्यकुमार (11 गेंद में पांच रन) मुस्तफिजुर की गेंद पर आउट हुए, अपने दूसरे स्पैल के लिए आए तंजीम हसन ने तिलक को डीप मिडविकेट बाउंड्री पर कैच कराया जिसके बाद हार्दिक पंड्या (29 गेंद में 38 रन) ने अपनी पहली महत्वपूर्ण पारी खेलकर अपनी टीम को 170 के करीब पहुंचाया.
बांग्लादेश के लिए तेज गेंदबाज तंजीम हसन साकिब (चार ओवर में 29 रन देकर एक विकेट) और मुस्तफिजुर रहमान (चार ओवर में 33 रन देकर एक विकेट) ने हमेशा की तरह अपनी गति परिवर्तन वाली गेंदों का अच्छा इस्तेमाल किया. लेकिन लेग स्पिनर रिशाद हुसैन (तीन ओवर में 27 रन देकर दो विकेट) ने पावरप्ले में खराब प्रदर्शन के बाद बांग्लादेश को मैच में वापसी कराई.