add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

IND VS NZ: अभिषेक- सूर्या का धमाका, भारत ने लगातार 11वीं T20I सीरीज पर किया कब्जा

भारत के सामने जीत के लिए 154 रन का टारगेट था, भारतीय टीम ने इस लक्ष्य को 10 ओवर में हासिल कर लिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - January 25, 2026 11:03 PM IST

IND VS NZ: जसप्रीत बुमराह (03/17) और रवि बिश्नोई (02/18) की शानदार गेंदबाजी के बाद अभिषेक शर्मा (20 बॉल में 68 रन नाबाद) और सूर्य कुमार यादव (26 बॉल में 57 रन नाबाद) की विस्फोटक पारी से भारत ने न्यूजीलैंड को तीसरे टी-20 मैच में आठ विकेट से हरा दिया. जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.

भारत के सामने जीत के लिए 154 रन का टारगेट था, भारतीय टीम ने इस लक्ष्य को सिर्फ 10 ओवर में हासिल कर लिया. इस जीत के साथ भारत ने सीरीज पर कब्जा कर लिया है. भारत को पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त मिल चुकी है. दोनों देशों के बीच सीरीज के अंतिम दो मैच 28 और 31 जनवरी को विशाखापत्तनम और तिरुवनंतपुरम में खेले जाने हैं. भारत ने लगातार 11वीं टी-20 सीरीज अपने नाम की है. यह फुल मेम्बर देशों में एक देश के लिए संयुक्त रुप से सबसे ज्यादा है. पाकिस्तान की टीम भी लगातार 11 टी-20 सीरीज जीत चुकी है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 9 विकेट खोकर 153 रन बनाए. कीवी टीम ने 34 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे, इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने मार्क चैपमैन के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की. फिलिप्स 40 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 48 रन बनाकर आउट हुए, जबकि चैपमैन ने 32 रन की पारी खेली। इनके अलावा, कप्तान मिचेल सेंटनर ने 27 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 17 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि हार्दिक पंड्या और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट अपने नाम किए. हर्षित राणा को एक सफलता मिली.

संजू सैमसन का फ्लॉप शो जारी, खाता भी नहीं खोल सके

इसके जवाब में भारत ने पहली ही गेंद पर संजू सैमसन (0) का विकेट गंवा दिया. संजू सैमसन का टी-20 सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन जारी है. उन्होंने इस सीरीज के तीन मैच में सिर्फ 16 रन बनाए हैं. सैमसन के आउट होने के बाद ईशान किशन ने अभिषेक शर्मा के साथ महज 19 गेंदों में 53 रन जुटाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया. ईशान 13 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 28 रन बनाकर आउट हुए.

अभिषेक- सूर्या की जोड़ी ने दिलाई भारत को जीत

अभिषेक शर्मा ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 102 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को आसान जीत दिलाई. अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 14 बॉल में अर्धशतक जड़ा और वह भारत के लिए युवराज (12 बॉल) के बाद भारत के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने. अभिषेक 20 गेंदों में 5 छक्कों और 7 चौकों के साथ 68 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि सूर्या ने 26 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों के साथ 57 रन की नाबाद पारी खेली. सूर्या ने टी-20 करियर का 23वां अर्धशतक लगाया. न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी और ईश सोढ़ी ने 1-1 विकेट अपने नाम किए.