कोरोना के कहर के बीच इस क्रिकेट लीग की तारीखों का हुआ ऐलान
इंग्लैंड के विश्व कप विजेता कप्तान इयोन मोर्गन सहित कुछ शीर्ष क्रिकेटरों से समर्थन प्राप्त यह टूर्नामेंट 10 दिनों तक चलेगा
Published On May 05, 2020, 08:14 AM IST
Last UpdatedMay 05, 2020, 08:14 AM IST
कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण इस समय क्रिकेट की सभी गतिविधियां ठप्प हैं. दुनिया में लगभग सभी देश कोरेानावायरस से लड़ाई लड़ रहे हैं. कोरोना के चलते क्रिकेट कैलेंडर प्रभावित है. भारत में आयोजित होने वाला इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 टूर्नामेंट अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है. बावजूद इसके संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी में होने वाले अबुधाबी टी10 (Abu Dhabi T10 league) क्रिकेट टूर्नामेंट की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है.
इंग्लैंड के विश्व कप विजेता कप्तान इयोन मोर्गन सहित कुछ शीर्ष क्रिकेटरों से समर्थन प्राप्त अबुधाबी टी10 क्रिकेट टूर्नामेंट 19 से 28 नवंबर के बीच संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी में आयोजित किया जाएगा.
टी10 लीग दस ओवरों का प्रारूप है जो संयुक्त अरब अमीरात में खेला जाता है और इसके अमीरात क्रिकेट बोर्ड से मंजूरी मिली हुई है. इसके मैचों की अवधि 90 मिनट होती है. टूर्नामेंट राउंड रोबिन आधार पर खेला जाता है जिसमें एलिमिनेटर और फाइनल भी होता है.
पिछले साल ड्वेन ब्रावो की अगुवाई वाली मराठा अरेबियन्स ने इसका खिताब जीता था. गौरतलब है कि 2019 में आयोजित हुए इस लीग में दर्शकों का खूब समर्थन मिला था. 10 दिन तक चले इस टूर्नामेंट को देखने के लिए शेख जायेद क्रिकेट स्टेडियम में रिकॉर्ड संख्या में दर्शक पहुंचे थे.