आस्ट्रेलिया के 2 क्रिकेट खिलाड़ियों ने लिया संन्यास
स्पिनर डोहर्टी और बल्लेबाज़ वोजिज़ ने क्रिकेट को कहा अलविदा
Published On Mar 16, 2017, 11:13 AM IST
Last UpdatedMar 16, 2017, 11:13 AM IST

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बल्लेबाज एडम वोजिज़ और बाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज जेवियर डोहर्टी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। क्रिकेट आस्ट्रेलिया(सीए) ने बुधवार को इसकी घोषणा की। सीए ने अपने एक बयान में कहा, “वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के कप्तान वोजिज़(37) ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट और घरेलू क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। वो 10 साल तक अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट और 15 साल तक वेस्टर्न वॉरियर्स से जुड़े रहे।” वोजिज़ के साथ- साथ स्पिनर जेवियर डोहर्टी ने भी इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है लेकिन वो घरेलू क्रिकेट खेलते रहेंगे।
कैसा रहा वोजिज़ का करियर? मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज एडम वोजिज़ ऑस्ट्रेलिया के लिए क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में खेले। वोजिज़ ने 20 टेस्ट, 13 वनडे और 7 T20I मैच खेले जिनमें उनका प्रदर्शन शानदार रहा। वोजिज़ ने टेस्ट में 61.87 के औसत से 1,485 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 5 शतक और 4 अर्धशतक जमाए। साल 2015 में 35 साल की उम्र में टेस्ट डेब्यू करने वाले एडम वोजिज़ ने अपने पहले ही टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक लगाया था, वोजिज़ सबसे ज्यादा उम्र में डेब्यू शतक लगाने वाले खिलाड़ी हैं। टेस्ट के साथ साथ वोजिज़ ने वनडे और टी-20 में भी शानदार प्रदर्शन किया, वनडे में वोजिज़ का औसत 45.78 और टी-20 में 46.33 का रहा। [भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, तीसरा क्रिकेट टेस्ट मैच, लाइव स्कोरकार्ड जानने के लिए क्लिक करें…]

वोजिज़ के अलावा स्पिनर जेवियर डोहर्टी भी ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों फॉर्मेट में खेले। डोहर्टी ने 4 टेस्ट मैच, 60 वनडे और 11 टी-20 मैच खेले। वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया टीम भारत मे चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने में व्यस्त है। अब तक खेले गए दो टेस्ट मैचों में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। तीसरा टेस्ट मैच रांची में जारी है। रांची में खेला जा रहा ये पहला टेस्ट मैच है। वहीं ऑस्ट्रेलिया का ये 800वां टेस्ट मैच है।(Input from IANS)