- क्रिकेट न्यूज़
- News
- AFG VS HKG Live Scorecard Afghanistan vs Hong Kong Asia Cup 2025 1st Match Group B Match Updates
Asia Cup 2025: सेदिकुल्लाह- उमरजई की तूफानी पारी, अफगानिस्तान ने हांगकाग को बुरी तरह रौंदा
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 188 रन बनाए, हांगकांग की टीम 94 रन ही बना सकी.
Published On Sep 09, 2025, 07:22 PM IST
Last UpdatedSep 09, 2025, 07:22 PM IST
Afghanistan cricket team
AFG VS HKG Asia Cup 2025: सेदिकुल्लाह अटल और अजमतुल्लाह उमरजई के अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से अफगानिस्तान ने एशिया कप 2025 में जीत के साथ शुरुआत की है. मंगलवार को खेले गए टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में अफगानिस्तान ने हांगकांग को 94 रन से हरा दिया.
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 188 रन बनाए, हांगकांग की टीम नौ विकेट पर 94 रन ही बना सकी.
189 रन के लक्ष्य के जवाब में हांगकांग के बल्लेबाजों ने पूरी तरह निराश किया. टीम ने पहले ओवर में ही अंशुमान राठ का विकेट गंवा दिया और 4.3 ओवर में 22 रन पर टीम के चार बल्लेबाज पवेलियन लौट गए. बाबर हयात (39 रन) ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, मगर टीम का कोई और बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका. यासिम मुर्तजा (16) टीम के दूसरे बल्लेबाज रहे, जिन्होंने दहाई का आंकड़ा पार किया. हांगकांग की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 94 रन ही बना सकी. गुलबदीन नईब और फजल हक फारुकी ने दो-दो विकेट चटकाए.
सेदिकुल्लाह अटल और अजमतुल्लाह उमरजई ने जड़ा अर्धशतक
अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान सेदिकुल्लाह ने 52 गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 73 रन की पारी खेली, वहीं अजमतुल्लाह ने अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की ओर से सबसे तेज 20 गेंद में अर्धशतक जड़ा और 21 गेंद में पांच छक्कों और दो चौकों से 53 रन बनाए. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की.
सेदिकुल्लाह ने मोहम्मद नबी (33) के साथ भी तीसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े. हांगकांग की ओर से किंचित शाह सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 24 रन देकर दो विकेट चटकाए। आयुष शुक्ला ने भी 54 रन देकर दो विकेट हासिल किए.
सेदिकुल्लाह को मिले कई जीवनदान, हांगकांग ने मैच में टपकाए पांच कैच
सेदिकुल्लाह चार रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब आयुष शुक्ला की गेंद पर हांगकांग के कप्तान यासिम मुर्तजा ने स्लिप में उनका कैच टपका दिया. सेदिकुल्लाह ने इस ओवर में तीन चौके मारे. रहमानुल्लाह गुरबाज (08) ने भी शुक्ला के अगले ओवर में छक्का जड़ा लेकिन अगली ही गेंद पर मिड ऑफ पर निजाकत खान के हाथों लपके गए. इब्राहिम जादरान भी सिर्फ एक रन बनाने के बाद अतीक इकबाल की गेंद पर विकेटकीपर जीशान अली को कैच दे बैठे.
अफगानिस्तान ने पावर प्ले में दो विकेट पर 41 रन बनाए. मोहम्मद नबी ने ऐजाज खान की लगातार गेंदों पर चौकों और छक्का जड़कर तेवर दिखाए और सातवें ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया, उन्होंने ऐजाज के अगले ओवर में भी दो चौके मारे. हांगकांग के गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने में परेशानी हुई. ऑफ स्पिनर किंचित शाह ने अपनी पहली ही गेंद पर नबी को निजाकत के हाथों कैच कराके सेदिकुल्लाह के साथ उनकी 51 रन की साझेदारी को तोड़ा. सेदिकुल्लाह ने शाह पर छक्का जड़ा लेकिन गुलबदिन नायब ( 05) इस स्पिनर की गेंद पर कप्तान मुर्तजा को कैच दे बैठे जिससे अफगानिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 95 रन हो गया
आखिरी पांच ओवर में अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने की धुंआधार बल्लेबाजी
अफगानिस्तान के रनों का शतक 14वें ओवर में पूरा हुआ. सेदिकुल्लाह ने शाह की गेंद पर दो रन के साथ 41 गेंद में अपना तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया. अजमतुल्लाह उमरजई ने मुर्तजा जबकि सेदिकुल्लाह ने अतीत पर लगातार दो छक्कों के साथ रन गति में इजाफा किया. उमरजई ने 19वें ओवर में शुक्ला की गेंद पर लगातार तीन छक्के और एक चौके से अफगानिस्तान की ओर से सबसे तेज 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन अगली गेंद पर ऐजाज को कैच दे बैठे.