- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Afg vs Nz Afghan batter Rahmat shah says Experience of playing in India will give us edge over NewZealand
हम न्यूजीलैंड को... अफगानिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज रहमत शाह ने किया बड़ा दावा
अफगानिस्तान के ओपनर ने कहा, भारत में खेलने के पिछले अनुभव का हमें फायदा मिलेगा, नोएडा और लखनऊ हमारे घरेलू मैदान रहे हैं, हमने यहां कई मैच खेले हैं और अभ्यास शिविर लगाए हैं.
Published On Sep 07, 2024, 01:20 PM IST
Last UpdatedSep 07, 2024, 01:20 PM IST
(Image credit- ICC X)
नई दिल्ली. अफगानिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज रहमत शाह ने कहा कि भारत में खेलने के पिछले अनुभव के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ सोमवार (09 सितंबर) से नोएडा में शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट में उनकी टीम का पलड़ा थोड़ा भारी रहेगा.
रहमत शाह अफगानिस्तान की उस टीम का हिस्सा थे जिसने बेंगलुरु (2018 बनाम भारत), देहरादून (2019 बनाम आयरलैंड) और लखनऊ (2019 बनाम वेस्टइंडीज) में टेस्ट मैच खेले थे. शाह ने क्रिकबज से कहा, भारत में खेलने के पिछले अनुभव का हमें फायदा मिलेगा, नोएडा और लखनऊ हमारे घरेलू मैदान रहे हैं, हमने यहां कई मैच खेले हैं और अभ्यास शिविर लगाए हैं.
हम न्यूजीलैंड को कड़ी चुनौती देने का प्रयास करेंगे: रहमत शाह
उन्होंने कहा, हम भारत के मौसम और पिच की स्थिति से भी परिचित हैं, इसलिए निश्चित रूप से हम फायदे की स्थिति में हैं. टेस्ट और वनडे में अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शाह ने कहा कि उनकी टीम पहली विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के विजेता न्यूजीलैंड को कड़ी चुनौती देने के लिए तैयार है. 31 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा, हम उन्हें कड़ी चुनौती देने का प्रयास करेंगे, उन्होंने आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीती है और हमने अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ तैयारी की है, हम उनकी चुनौती के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.
रहमत शाह ने कहा, उन्होंने यहां की परिस्थितियों के अनुकूल होने के लिए कुछ तकनीकी बदलाव किए हैं. उन्होंने कहा, मैंने बस अधिक ध्यान केंद्रित करने और अधिक अभ्यास करने की कोशिश की. पहले मैं अपनी कलाई से शॉट खेलता था, लेकिन अब मैं अपने पैरों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा हूं और इसे अपनी बल्लेबाजी के अनुरूप बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा हूं.
इनपुट- भाषा