अफगानिस्तान ने रचा इतिहास, पहली बार बांग्लादेश के खिलाफ जीती वनडे सीरीज

अफगानिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में नौ विकेट पर 331 रन बनाए थे, बांग्लादेश की टीम 43.2 ओवर में 189 रन पर ढेर हो गई.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Jul 08, 2023, 10:05 PM IST

Published On Jul 08, 2023, 10:05 PM IST

Last UpdatedJul 08, 2023, 10:05 PM IST

Afghanistan cricket team

Afghanistan cricket team (Photo-ICC)

अफगानिस्तान की टीम ने शनिवार को इतिहास रच दिया. अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को दूसरे वनडे मैच में 142 रन से हराकर वनडे सीरीज पर कब्जा कर लिया. अफगानिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रहमानुल्लाह गुरबाज के 145 रन और इब्राहिम जादरान के 100 रन की मदद से 50 ओवर में नौ विकेट पर 331 रन बनाए थे, बांग्लादेश की टीम 43.2 ओवर में 189 रन पर ढेर हो गई. अफगानिस्तान की टीम ने पहली बार बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में जीत हासिल की है

रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड

इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया. अफगानिस्तान के ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने बड़ा रिकॉर्ड बनाया. दोनों बल्लेबाजों ने अफगानिस्तान के लिए रिकॉर्ड 256 रन की ओपनिंग साझेदारी की. यह बांग्लादेश के लिए वनडे में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है.

रहमानुल्लाह गुरबाज ने 125 गेंद में 145 रन की तूफानी पारी खेली, वहीं इब्राहिम जादरान ने 119 गेंद में 100 रन बनाए. अफगानिस्तान की टीम ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 331 रन बनाए. मोहम्मद नबी 25 रन बनाकर नाबाद रहे. बांग्लादेश के लिए मुस्ताफिजुर रहमान, हसन महमूद, शाकिब अल हसन और मेहदी हसन मिराज ने दो-दो विकेट लिए

189 रन पर ढेर हुई बांग्लादेश की टीम

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम अफगानिस्तान के गेंदबाजों के आगे 43.2 ओवर में 189 रन पर ढेर हो गई. मुशफिकुर रहीम ने सबसे ज्यादा 69 रन बनाए. शाकिब अल हसन और मेहदी हसन मिराज ने 25-25 रन का योगदान दिया, इसके अलावा कोई और बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका. अफगानिस्तान के लिए फजल हक फारुकी और मुजीब उर रहमान ने तीन-तीन विकेट लिए. राशिद खान को दो सफलता मिली.

Editor's Pick