Bharat Malhotra
Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम का हिस्सा हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. साल 2008 में आ ...Read More
Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - February 16, 2026 8:02 PM IST

नई दिल्ली: अजमतुल्लाह उमरजई के ऑलराउंड प्रदर्शन और सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान के अर्धशतक से अफगानिस्तान ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप डी मैच में सोमवार को यहां यूएई को पांच विकेट से हराकर सुपर आठ में जगह बनाने की अपनी धुंधली उम्मीदों को जिंदा रखा.
यूएई के 161 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने जादरान (53 रन, 41 गेंद, छह चौके, एक छक्का), दारविश रसूली (23 गेंद में 33 रन) और अजमतुल्लाह (21 गेंद में नाबाद 40 रन, तीन छक्के, दो चौके) की पारियों से 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 162 रन बनाकर जीत दर्ज की.
पहले दो मैच में शिकस्त झेलने वाले अफगानिस्तान के ग्रुप में अब दो अंक हैं. यूएई के भी दो अंक हैं. साउथ अफ्रीका छह अंक के साथ सुपर आठ के लिए क्वॉलिफाइ कर चुका है जबकि न्यूजीलैंड के चार अंक हैं. इन सभी टीम ने तीन-तीन मैच खेले हैं.
यूएई की ओर से जुनैद सिद्दिकी ने 23 जबकि मोहम्मद अरफान ने 30 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए. इससे पहले अजमतु्ल्लाह (15 रन पर चार विकेट) और मुजीब उर रहमान (31 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने यूएई की टीम नौ विकेट पर 160 रन ही बना सकी.
शोएब खान ने 48 गेंद में चार छक्कों और छह चौकों से 68 रन की पारी खेलने के अलावा आलीशान शराफू (40) के साथ तीसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरे अफगानिस्तान ने मैच की दूसरी ही गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज (00) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने जुनैद की गेंद पर शोएब को कैच थमाया. जादरान ने चौथे ओवर में हैदर अली को निशाना बनाते हुए उनके ओवर में तीन चौकों और एक छक्के से 18 रन जुटाए.
गुलबदिन नायब (13) ने भी मोहम्मद जवादुल्लाह पर छक्का और चौका मारा लेकिन अगले ओवर में मोहम्मद अरफान की गेंद को प्वाइंट पर हर्षिक कौशिक को कैच दे बैठे. अफगानिस्तान ने पावर प्ले में दो विकेट पर 41 रन बनाए. सेदिकुल्लाह अटल (16) ने अरफान पर चौके के साथ आठवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया और फिर अगले ओवर में सिमरनजीत सिंह पर छक्का जड़ा लेकिन जवादुल्लाह ने यॉर्कर पर उनके विकेट उखाड़ दिए.
जादरान ने सिमरनजीत पर चौके और फिर दो रन के साथ 37 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसके बाद अरफान की गेंद पर यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम को कैच दे बैठे. अफगानिस्तान के रनों का सैकड़ा 14वें ओवर में पूरा हुआ. अफगानिस्तान को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 52 रन की दरकार थी.
अजमतुल्लाह ने सिमरनजीत जबकि दारविश ने अरफान पर छक्के के साथ रन और गेंद के बीच के अंतर को कम किया. अजमतुल्लाह ने अगले अगले ओवर में जुनैद पर भी छक्का मारा लेकिन दारविश बोल्ड हो गए. उन्होंने 23 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का मारा. अफगानिस्तान को अंतिम दो ओवर में 17 रन की जरूरत थी और अजमतु्ल्लाह ने जवादुल्लाह पर छक्के और चौके के साथ उसकी जीत तय की.
इससे पहले अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान (24 रन पर एक विकेट) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. यूएई ने दूसरे ओवर में 13 रन तक ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों आर्यांश शर्मा (00) और कप्तान मुहम्मद वसीम (10) के विकेट गंवा दिए. मैच की चौथी ही गेंद पर आर्यांश ने अजमतुल्लाह की गेंद पर विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज को कैच थमाया जबकि अगले ओवर में वसीम ने मुजीब पर लगातार दो चौके मारे लेकिन इस ऑफ स्पिनर की अगली गेंद को चूककर पगबाधा हो गए.
शोएब ने मुजीब पर लॉन्ग ऑफ पर छक्का जड़ा और अगले ओवर में तेज गेंदबाज जियाउर रहमान पर तीन चौके मारे जबकि शराफू ने भी मुजीब पर दो चौके जड़े जिससे यूएई ने पावर प्ले में दो विकेट पर 55 रन बनाए. शराफू ने राशिद का स्वागत मिडविकेट पर छक्के के साथ किया और फिर नूर अहमद की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया.
यह साझेदारी हालांकि जब यूएई को मजबूत स्थिति में पहुंचा रही थी तब राशिद ने मुजीब को गेंदबाजी में वापसी कराई और उनकी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में शराफू ने इब्राहिम जादरान को कैच थमा दिया. उन्होंने 31 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के मारे. यूएई के रनों का शतक 13वें ओवर में पूरा हुआ.
अजमतुल्लाह ने 15वें ओवर में सैयद हैदर (13) और हर्षित कौशिक (00) को पवेलियन भेजकर यूएई को दोहरा झटका दिया. शोएब ने राशिद पर छक्के के साथ 37 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. अरफान (00) इसके बाद राशिद की गेंद पर हिट विकेट हो गए.
शोएब ने 18वें ओवर में जियाउर पर छक्का जड़ा जबकि हैदर अली ने भी इस तेज गेंदबाज पर दो चौके मारे. शोएब ने अजमतुल्लाह पर चौके के साथ 19वें ओवर में टीम के 150 रन पूरे किए लेकिन अगली गेंद पर मुजीब को कैच दे बैठे.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/
This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
Strictly Necessary Cookie should be enabled at all times so that we can save your preferences for cookie settings.
If you disable this cookie, we will not be able to save your preferences. This means that every time you visit this website you will need to enable or disable cookies again.
