अफगानिस्तान ने फिर चली बड़ी चाल, भारत के पूर्व कोच को दी अहम जिम्मेदारी
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक बार फिर सभी को चौंकाते हुए अपने कोचिंग स्टाफ में क्रिकेट जगत के बड़े नाम को शामिल किया है.
Published On Aug 21, 2024, 11:26 PM IST
Last UpdatedAug 21, 2024, 11:26 PM IST
PIC - X
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने पिछले कुछ समय में इंटरनेशनल क्रिकेट में कमाल का प्रदर्शन किया है. टीम के कमाल के प्रदर्शन के पीछे अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चौंकाने वाले फैसले और क्रिकेट जगत के बड़े नाम को अपने कोचिंग स्टाफ में शामिल करना भी रहा है.
इस बार भी अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कुछ ऐसा ही फैसला किया है जिसने सभी को हैरान कर दिया है. दरअसल, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के पूर्व फील्डिंग कोच आर श्रीधर को नया सहायक कोच नियुक्त किया है.
आर श्रीधर बने अफगानिस्तान के नए सहायक कोच
बोर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगमी सीरीज से पहले यह बड़ा फैसला किया है. बुधवार को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट से इसकी जानकारी दी है. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आर श्रीधर को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के लिए अपना कोच बनाया है. आर श्रीधर काफी सीनियर कोच हैं. उनकी अगुवाई में भारतीय टीम के फील्डिंग में कमाल का सुधार हुआ था.
श्रीधर अपने अनुभव के साथ अब अफगानिस्तान के खिलाड़ियों को भी बेहतर बनाना चाहेंगे. आर श्रीधर के करियर पर नजर डाले तो उन्होंने भारत के लिए 35 फर्स्ट क्लास और 15 लिस्ट ए मुकाबले खेले हैं. वह 300 से ज्यादा इंटरनेशनल मैच में बतौर भारतीय फील्डिंग कोच काम कर चुके हैं. भारतीय टीम के अलावा वह आईपीएल में भी कोचिंग भी भूमिका अदा कर चुके हैं.
अंडर-19 टीम के साथ भी कर चुके हैं काम
श्रीधर लेवल-3 प्रमाणित कोच हैं. वह भारत के अंडर-19 टीम के साथ भी सहायक कोच और स्पिन बॉलिंग कोच की भूमिका अदा कर चुके हैं. वह एनसीए में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पूरी उम्मीद है कि श्रीधर के आने से टीम के प्रदर्शन में काफी सुधार होगा.