- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Afghanistan cricket board withdraws from Pakistan tri-series following tensions
पाकिस्तान की बमबारी में तीन क्रिकेटर्स की मौत, ट्राई सीरीज से अफगानिस्तान ने नाम वापस लिया
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच टूर्नामेंट में दो मैच होना तय था, जिसमें पहला मैच 17 नवंबर और दूसरा मैच 23 नवंबर को खेला जाना था.
Published On Oct 18, 2025, 10:16 AM IST
Last UpdatedOct 18, 2025, 10:16 AM IST
afghanistan-cricket-team
ACB withdraws from Pakistan tri-series following tensions: अफगानिस्तान ने नवंबर में पाकिस्तान में होने वाली ट्राई सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया है. अफगानिस्तान की टीम ने सीमा पार (पाकिस्तान) से हुए हमले में तीन स्थानीय क्रिकेटरों की मौत के बाद यह फैसला लिया है. अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर पिछले कई दिनों से टेंशन बना हुआ है. रावलपिंडी और लाहौर में 17 से 29 नवंबर के बीच ट्राई सीरीज खेली जानी थी, जिसमें पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका और अफगानिस्तान की टीम को हिस्सा लेना था.
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक्स X पर एक पोस्ट में दावा किया कि पाकिस्तान की तरफ से किए गए हमले में कई लोगों की मौत हुई है, जिनमें तीन क्रिकेटर भी शामिल थे जो पक्तिका प्रांत की राजधानी शाराना में एक दोस्ताना मैच खेलने के बाद घर लौट रहे थे. इस बयान में आगे कहा गया है कि ACB इसे अफगानिस्तान के खेल समुदाय, इसके एथलीटों और क्रिकेट परिवार के लिए एक बड़ा नुकसान मानता है, पीड़ितों के प्रति सम्मान दर्शाने के तौर पर हम आगामी ट्राई-नेशन सीरीज़ से नाम वापस ले लेंगे.
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच टूर्नामेंट में दो मैच होना तय था, जिसमें पहला मैच 17 नवंबर और दूसरा मैच 23 नवंबर को खेला जाना था.
राशिद खान ने जताया दुख
इस घटना पर अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर राशिद खान ने दुख जताते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, अफगानिस्तान पर हाल ही में हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों में नागरिकों की जान जाने से मुझे गहरा दुख हुआ, यह एक ऐसी त्रासदी है जिसमें महिलाओं, बच्चों और उन महत्वाकांक्षी युवा क्रिकेटर्स की जान चली गई, जो वैश्विक मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखते थे. उन्होंने लिखा,सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाना पूरी तरह से अनैतिक और बर्बर है, ये अन्यायपूर्ण और गैरकानूनी कार्रवाइयां मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन हैं, इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.
पाकिस्तान के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज से हटने के फैसले का समर्थन करते हुए राशिद खान ने लिखा, निर्दोष लोगों की जान जाने के बाद, मैं पाकिस्तान के खिलाफ आगामी मैचों से हटने के एसीबी के फैसले का स्वागत करता हूं, मैं इस कठिन समय में अपने लोगों के साथ हूं.
17 नवंबर से ही होगा टूर्नामेंट: पीसीबी
इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शनिवार को कहा कि अफगानिस्तान के नाम वापिस लेने के बावजूद त्रिकोणीय टी20 श्रृंखला 17 से 29 नवंबर के बीच लाहौर में खेली जाएगी. पीसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अफगानिस्तान की जगह दूसरी टीम को शामिल करने के लिये वे दूसरे बोर्ड से बातचीत कर रहे हैं, सीरीज की तीसरी टीम श्रीलंका है. अधिकारी ने कहा, अफगानिस्तान के नहीं खेलने पर भी सीरीज समय पर होगी, हम दूसरी टीम तलाश रहे हैं और एक बार तय होने पर घोषणा की जायेगी, तीसरी टीम श्रीलंका की है और टूर्नामेंट 17 नवंबर से ही होगा.