एपीएल 2018 : काबुल की जीत में चमके युवा लेग स्पिनर राशिद खान
काबुल टीम ने टॉस जीतकर कंधार नाइट्स टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
Published On Oct 17, 2018, 04:28 PM IST
Last UpdatedOct 17, 2018, 04:28 PM IST
Rashid Khan (Credit: APL T20)
युवा लेग स्पिनर राशिद खान की कप्तानी वाली काबुल जवानन टीम ने अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (एपीएल) में कप्तान असगर अफगान की नेतृत्व वाली टीम कंधार नाइट्स को 4 विकेट से पराजित कर दिया।
काबुल टीम ने टॉस जीतकर कंधार नाइट्स टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। कप्तान और ओपनर असगर अफगान के 31 गेंदों पर खेली गई 60 रन की पारी की बदौलत कंधार नाइट्स ने 5 विकेट पर 152 रन बनाए।
नासिर जमाल ने 28 गेंदों पर 28 रन बनाए जबकि नजीबुल्लाह जादरान ने 26 गेंदों पर 25 रन की पारी खेली। काबुल की ओर से राशिद ने अपने 4 ओवर के कोटे में केवल 14 रन दिए और एक विकेट अपने नाम किया।
फरीद अहमद ने 4 ओवर में 40 रन देकर दो विकेट लिए।
153 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काबुल जवानन टीम ने 6 विकेट पर 5 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। उसकी ओर से लॉरी इवांस ने सबसे अधिक नाबाद 32 रन बनाए जबकि ओपनर ल्यूक रोंची ने 14 गेंदों पर 31 रन की पारी खेली।
कप्तान राशिद खान ने 8 गेंदों पर नाबाद 27 रन बनाए जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे।