×

कुछ हद तक सहमत, मगर... गौतम गंभीर के बयान पर क्या बोले एबी डिविलियर्स ?

टीम इंडिया की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि भारत का प्रदर्शन विशेषकर टी20 प्रारूप में अविश्वसनीय रहा है, यह तीनों प्रारूपों में सबसे अस्थिर प्रारूप है और ऐसे में अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने का मतलब है कि टीम सही दिशा में आगे बढ़ रही है.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 11, 2025 2:40 PM IST

AB de Villiers on Gautam Gambhir: भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने वनडे प्रारूप में बल्लेबाजी क्रम को जरूरत से ज्यादा महत्व देने को लेकर नई बहस छेड़ दी है. अब इस पर साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने अपनी राय दी है. एबी डिविलियर्स ने कहा कि वह भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर के इस विचार से ‘कुछ हद तक’ सहमत हैं, मगर टीम में लचीलापन और खिलाड़ियों की मुख्य भूमिका के बीच संतुलन बनाने की जरूरत है.

भारत की साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में 2-1 से जीत के बाद गंभीर ने कहा था कि उन्हें लगता है कि वनडे प्रारूप में बल्लेबाजी क्रम को जरूरत से ज्यादा महत्व दिया जाता है. डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, मैं उनसे कुछ हद तक सहमत हूं, मुझे वनडे में बल्लेबाजों के क्रम में बदलाव करना पसंद रहा है, लेकिन यह एक नाजुक मामला है क्योंकि आप खिलाड़ियों की भूमिकाओं के साथ ज्यादा छेड़छाड़ नहीं कर सकते.

‘कुछ विशेष परिस्थितियों के अनुसार बदलाव करना सही है’

उन्होंने कहा, इसमें शीर्ष तीन, चार से छह नंबर के बल्लेबाज शामिल होते हैं, इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों की बारी आती है, यह लगभग तीन खंडों की तरह है और आप वास्तव में इसके साथ रचनात्मक हो सकते हैं. दाएं और बाएं हाथ के संयोजन बनाने के लिए और खेल की कुछ विशेष परिस्थितियों के अनुसार बदलाव करना सही है.

TRENDING NOW

‘भारत का प्रदर्शन टी20 प्रारूप में अविश्वसनीय रहा है’

भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीता जो उसकी 31 मैचों में 27वीं जीत है. डिविलियर्स ने भारतीय टीम की जमकर तारीफ करते हुए कहा, भारत का प्रदर्शन विशेषकर टी20 प्रारूप में अविश्वसनीय रहा है, यह तीनों प्रारूपों में सबसे अस्थिर प्रारूप है और ऐसे में अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने का मतलब है कि टीम सही दिशा में आगे बढ़ रही है, मुझे लगता है कि इसका संबंध भारतीय क्रिकेट की गहराई से है.