- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Ajay Jadeja feels Axar Patel is at par with Ravindra Jadeja
पूर्व क्रिकेटर का मानना, खतरे में जडेजा की कुर्सी, बोले- ये ऑलराउंडर बल्ले से कर रहा है कमाल
अक्षर पटेल को गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी भी टीम में जगह दिला सकती है और अजय जडेजा का मानना है कि वह बल्ले से बेहतर हो गए हैं।
Published On Aug 21, 2022, 02:59 PM IST
Last UpdatedAug 21, 2022, 02:59 PM IST
भारत के पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा का मानना है कि अक्षर पटेल ऑलराउंडर के तौर पर रवींद्र जडेजा के बराबर की काबिलियत रखते हैं। जडेजा की अनुपस्थिति में अक्षर ने अपनी क्लास साबित की और खुद को भारत के लिए मैच विनर्स में से एक के रूप में स्थापित किया। फिरकी गेंदबाज अक्षर ने पिछले कुछ समय में अपनी बल्लेबाजी में सुधार किया है और हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने एक महत्वपूर्ण पारी खेल ये साबित भी किया।
पिछले कुछ मैचों में मजबूत प्रभाव डालने के बावजूद 28 वर्षीय अक्षर भारत की एशिया कप टीम का हिस्सा नहीं है। हालांकि, उनके पास T20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी काबिलियत साबित करने का मौका है। अक्षर को गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी भी टीम में जगह दिला सकती है और अजय जडेजा का मानना है कि वह बल्ले से बेहतर हो गए हैं।
अजय जडेजा ने सोनी सिक्स पर कहा, “अक्षर ने पिछले कुछ सालों में अपनी बल्लेबाजी में बहुत ज्यादा सुधार किया है, आपको लगता है कि जडेजा काफी आगे हैं क्योंकि वह बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। लेकिन अक्षर ने जिस तरह से वेस्टइंडीज के खिलाफ बल्लेबाजी कर अपनी टीम को जीत दिलाई, वो शानदार था। आपको ये फर्क समझना होगा कि रन बनाना और टीम को जीत दिलाना दोनों बहुत अलग-अलग चीजें हैं। ये टीम इंडिया लिए अच्छा है और इससे खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है।”
अजय जडेजा ने हालांकि फील्डिंग के मामलें में रविंद्र जडेजा को अक्षर से काफी आगे बताया। उन्होंने कहा, ”दोनों के बीच फील्डिंग में कोई कम्पटीशन नहीं है। इस मामलें में जडेजा अपने साथी अक्षर से काफी आगे हैं। फील्डिंग ही एक ऐसी चीज है जो दोनों को अलग करती है। जडेजा अनुभवी हैं। अक्षर उनके नक्शेकदम पर चल रहे हैं। यह भारतीय क्रिकेट के लिए एक अच्छे संकेत हैं।”
गौरतलब है कि एशिया कप 2022 के लिए जो टीम चुनी गई हैं उसमें अक्षर पटेल शामिल नहीं है। वहीं, रविंद्र जडेजा टूर्नामेंट में अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले समय में अक्षर और जडेजा के बीच किस तरह की टक्कर देखने को मिलती है।