'मुझसे जलते हैं', आलोचकों पर जमकर बरसे केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे, क्या-क्या सुना दिया
कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने उनके स्ट्राइक-रेट पर उठने वाले सवालों का खलकर जवाब दिया है. उन्होंने आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा है कि मेरे आंकड़े देख लो.
Published On Apr 03, 2026, 05:54 PM IST
Last UpdatedApr 03, 2026, 05:54 PM IST
स्ट्राइक-रेट के सवाल पर भड़के अजिंक्य रहाणे
कोलकाता: आईपीएल 2026 में गुरुवार को ईडन गार्डन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच मुकाबला खेला गया. केकेआर को इस मैच में 65 रन से हार का सामना करना पड़ा. कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 विकेट पर 226 रन का स्कोर बनाया. इसके जवाब में कोलकाता की टीम 16 ओवर में 161 रन पर ऑल आउट हो गई.
सस्ते में ही आउट हो गए थे अजिंक्य रहाणे
कोलकाता के कप्तान ने 10 गेंदों पर 8 रन बनाए. रहाणे का बल्ला बिलकुल भी लय में नहीं लग रहा था. ऐसे मैच में जहां शुरुआत से ही 11 के ऊपर के औसत से रन बनाने हों वहां रहाणे ने 10 गेंद पर 8 रन बनाए. उनके स्ट्राइक-रेट पर खूब सवाल उठे. और इस पर रहाणे ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जवाब दिया. उन्होंने आंकड़ों के साथ आलोचकों को निशाने पर लिया.
रहाणे ने कहा, ‘मेरा स्ट्राइक रेट 2023 से अब तक सबसे अच्छा है. जो लोग बात कर रहे हैं, वे शायद मैच नहीं देख रहे हैं या मेरे खिलाफ उनका कोई खास एजेंडा है. उन्हें मेरा खेलना पसंद नहीं है. मुझे खेलते हुए देखना पसंद नहीं है. मुझे जितनी सफलता मिली है, मुझे लगता है कि वे उससे जलते हैं.’
जो बात करते हैं उन्हें करने दो
केकेआर के कप्तान ने कहा, ‘मैं ज्यादा परेशान नहीं हूं. मेरा इरादा वहीं था. कभी-कभी एक बल्लेबाज के तौर पर आपको फ्लो नहीं मिल पाता. जो लोग बात कर रहे हैं वे या तो गेम को नहीं समझते हैं या वे चाहते हैं कि मैं एक अलग तरह की पारी खेलूं. उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अजिंक्य रहाणे अपने गेम में इतना सुधार करेंगे. मुझे खुशी है कि वे मेरे बारे में बात कर रहे हैं फिर चाहे वो सकारात्मक हो या नकारात्मक. उन्हें बात करने दो. मुझे पता है कि मैं क्या कर रहा हूं. मुझे पता है कि मैंने पहले क्या किया है. मैं दूसरों की बातों के बारे में सोचने के बजाय खुद पर भरोसा करता हूं. जो भी इस बारे में बात कर रहे हैं, उन्हें बात करने दें.’
आईपीएल 2023 के बाद से भारतीय बल्लेबाजों में पावरप्ले में सिर्फ अभिषेक (176.56) का स्ट्राइक रेट रहाणे (167.78) से बेहतर है. रहाणे के लिए दिक्कत यह है पावरप्ले के बाद उनका स्ट्राइक रेट गिर जाता है और इसी वजह से उनकी आलोचना होती है.
मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीजन के पहले मुकाबले में 40 गेंदों पर 67 रन बनाने वाले रहाणे का बल्ला SRH के खिलाफ नहीं चला और टीम को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा. 227 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर 16 ओवर में 161 पर सिमट गई.