- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Akshara Gupta 306 runs in Womens Under 19 cricket
वैभव सूर्यवंशी के बाद बिहार की अक्षरा गुप्ता का जलवा, वनडे में खेली नाबाद 306 रन की पारी
बिहार की 15 साल की अक्षरा गुप्ता ने ने अपनी ऐतिहासिक पारी के दौरान 126 गेंदों का सामना किया और अपनी पारी में 55 चौके और 08 छक्के लगाए. उन्होंने 242.86 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की.
Published On Jun 18, 2026, 08:28 PM IST
Last UpdatedJun 18, 2026, 08:28 PM IST
Akshara Gupta Bihar
वैभव सूर्यवंशी के बाद बिहार के एक और खिलाड़ी ने क्रिकेट में धमाल मचा दिया है. बिहार की 15 साल की बेटी अक्षरा गुप्ता ने वनडे क्रिकेट में नाबाद तिहरा शतक जड़ा है. BCA महिला U-19 वन-डे ट्रॉफी टूर्नामेंट में अक्षरा गुप्ता ने नाबाद 306 रन की पारी खेली.
बिहार के भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड ग्राउंड में गुरुवार से शुरू हुए BCA महिला U-19 वन-डे ट्रॉफी टूर्नामेंट में अपनी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अक्षरा ने अपनी ऐतिहासिक पारी के दौरान 126 गेंदों का सामना किया और अपनी पारी में 55 चौके और 08 छक्के लगाए. उन्होंने 242.86 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 233 मिनट तक क्रीज पर रहीं.
तूफानी अंदाज में की बल्लेबाजी
बिहार के रक्सौल की रहने वाली 15 साल की अक्षरा ने वैभव सूर्यवंशी की तरह तूफानी बल्लेबाजी की और सिर्फ 16 गेंदों में हाफ-सेंचुरी और केवल 34 गेंदों में अपना शतक पूरा किया.
महिला क्रिकेट में नया रिकॉर्ड
अक्षरा गुप्ता की यह पारी महिला घरेलू क्रिकेट का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. यह बीसीए महिला क्रिकेट का नया रिकॉर्ड भी है, इससे पहले मुंबई की इरा गुप्ता ने घरेलू मैच में नाबाद 346 रन बनाए थे, जिसमें 42 चौके और 16 छक्के शामिल थे.
10 दिन पहले मिली थी कप्तानी, टीम को दिलाई सबसे बड़ी जीत
10 दिन पहले ही अक्षरा गुप्ता को वर्ष 2026 के लिए बिहार अंडर-19 महिला जोनल टीम की टी-20 और वनडे दोनों प्रारूपों की कप्तानी सौंपी गई थी. कप्तान के तौर पर उन्होंने टीम को सबसे बड़ी जीत दिलाई. उनकी टीम ने 329 रन से मुकाबले को अपने नाम किया. साल 2025 में भी उन्होंने अपनी कप्तानी में बिहार टीम को जोनल चैंपियन बनाया था.
ICC Women T20 World Cup: दीप्ति शर्मा ने किया कमाल, झूलन गोस्वामी के रिकॉर्ड के बराबर पहुंची
BCA अधिकारियों ने दी बधाई
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने अक्षरा को बधाई देते हुए कहा कि बिहार की महिला क्रिकेटर लगातार राज्य का नाम रोशन कर रही है, ऐसी पारियां युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं. वहीं बीसीए सचिव जियाउल आरफिन ने भी अक्षरा की तारीफ की है, उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के शुरू होते ही ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी का उभरना बिहार क्रिकेट के भविष्य के लिए अच्छा संकेत है.