- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Akshdeep Nath and Saurabh Kumar shines, Uttar Pradesh beats Uttarakhand by 118 runs
सौरभ ने झटके 5 विकेट, उत्तर प्रदेश ने उत्तराखंड को 118 रन से हराया
उत्तर प्रदेश ने कप्तान अक्षदीप नाथ के अर्धशतक और सौरव कुमार की शानदार गेंदबाजी के दम पर उत्तराखंड पर 118 रन की बड़ी जीत हासिल की।
Published On Feb 28, 2019, 12:32 PM IST
Last UpdatedFeb 28, 2019, 12:32 PM IST
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप ई के मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने कप्तान अक्षदीप नाथ के अर्धशतक और सौरभ कुमार की शानदार गेंदबाजी के दम पर उत्तराखंड पर 118 रन की बड़ी जीत हासिल की। यूपी की यह 6 मुकाबलों में 5वीं जीत है और वह ग्रुप ई में टॉप पर पहुंच गई है।
पहले बल्लेबाजी करने उतरे उत्तर प्रदेश ने कप्तान अक्षदीप नाथ और समर्थ सिंह की अर्धशतकीय पारी के दम पर उत्तराखंड के खिलाफ 209 रन का स्कोर खड़ा किया। अक्षदीप ने 44 गेंद पर आतिशी 70 रन की पारी खेली जबकि समर्थ ने 48 गेंद पर 75 रन की पारी खेली। इन दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 123 रन की साझेदारी निभाई और टीम के बड़े स्कोर की नींव रखी।
पढ़ें:- ऋद्धिमान साहा ने जड़ा तूफानी शतक, बंगाल 107 रन से जीता
उत्तराखंड की तरफ से सन्नी राणा ने 4 ओवर में 45 रन देकर दो विकेट हासिल किए। कप्तान रजत भाटिया ने 3 ओवर में 22 रन खर्च कर एक विकेट लिया।
उत्तरप्रदेश से मिले पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तराखंड की टीम 16.3 ओवर में महज 91 रन पर ऑलआउट हो गई।
यूपी की तरफ से सौरभ कुमार ने धारदार गेंदबाजी करते हुए महज 3.3 ओवर में 28 रन देते हुए 5 विकेट हासिल किए। अंकित चौधरी की गेंदबाजी भी शानदार रही और उन्होंने 4 ओवर में महज 9 रन खर्च करते हुए 3 विकेट चटकाए।