- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Amid Rohit Sharma ODI Retirement News Batting Coach Sitanshu Kotak says No Pressure on Experience Batter
ENG vs IND: रोहित शर्मा के संन्यास की अटकलों के बीच सितांशु कोटक का जवाब, 'उन पर कोई दबाव नहीं'
रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मैच में भी बहुत ज्यादा प्रभावित नहीं कर सके. इस बीच खबर यह भी आई कि रविवार को होने वाला सीरीज का आखिरी मैच रोहित के करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है. इस पर सितांशु कोटक ने क्या कहा.
Published On Jul 17, 2026, 10:59 AM IST
Last UpdatedJul 17, 2026, 10:59 AM IST
रोहित शर्मा और सितांशु कोटक (आईएएनएस फोटो)
नई दिल्ली: भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने रोहित शर्मा पर बड़ा बयान दिया है. इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले दोनों मैचों में रोहित शर्मा का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. लेकिन कोटक ने इस सीनियर बल्लेबाज का पूरा समर्थन किया है.
गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज के दूसरे मैच के दौरान ही खबर आई कि रविवार को होने वाला सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच रोहित के करियर का भी अंतिम मुकाबला हो सकता है. इसके बाद तमाम तरह के सवाल उठने लगे. रोहित के फॉर्म से लेकर टीम प्रबंधन की रणनीति तक पर चर्चाएं होने लगीं. कोटक ने हालांकि इन पर तो कोई टिप्पणी नहीं की लेकिन वह इस पूर्व कप्तान का समर्थन करते हुए दिखे.
रोहित शर्मा का इंग्लैंड ODI सीरीज में अच्छा नहीं रहा है प्रदर्शन
गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मैच में भी रोहित कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए. इंग्लैंड ने यह मैच चार विकेट से जीतकर सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है. रोहित इस मैच में अपनी पुरानी लय में नजर नहीं आए. पावरप्ले की समाप्ति पर भारत का स्कोर एक विकेट पर 61 रन था लेकिन तब रोहित ने 18 गेंद पर सिर्फ 10 रन बनाए थे. इस मैच में रोहित शर्मा ने 47 गेंद पर 26 रन की पारी खेली.
इस सीरीज में भी रोहित बहुत अच्छा नहीं खेल पाए हैं. सीरीज के पहले मैच में भी रोहित ने 11 रन बनाए थे. अगर साल 2026 में रोहित शर्मा की फॉर्म की बात करें तो दाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने सिर्फ एक हाफ-सेंचुरी लगाई है. और उनका बल्लेबाजी औसत 30.12 का रहा है. रोहित के संन्यास की अटकलों के बीच जब कोटक से पूछा गया कि क्या टीम प्रबंधन रविवार को होने वाले मैच के बाद रोहित की जगह पर चर्चा करेगा? इस पर बल्लेबाजी कोच ने इस कमाल के बल्लेबाज पर किसी भी तरह का दबाव होने की संभावना से इनकार कर दिया.
कैसा है रोहित शर्मा का हालिया करियर
| रोहित का करियर रिकॉर्ड | 1 जनवरी, 2026 से | चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद रोहित का रिकॉर्ड | |
| मैच | 287 | 8 | 14 |
| पारी | 279 | 8 | 14 |
| रन | 11757 | 241 | 589 |
| बेस्ट | 264 | 79 | 121* |
| औसत | 48.58 | 30.12 | 45.03 |
| स्ट्राइक-रेट | 92.76 | 88.60 | 92.03 |
| 100 | 33 | 0 | 1 |
| 50 | 62 | 1 | 4 |
रोहित जैसे बड़े खिलाड़ी पर कोई दबाव नहीं: कोटक
कार्डिफ वनडे के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कोटक ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि रोहित जैसे बड़े खिलाड़ी को किसी तरह का दबाव महसूस होता है.’
कोटक ने कहा, ‘वह इस बातों से बहुत बड़े खिलाड़ी हैं. हां, उन्होंने दो मैचों में रन नहीं बनाए हैं. मुझे नहीं लगता कि इससे कोई फर्क पड़ता है. लेकिन आज ऐसा लगा कि वह अच्छी पारी खेलेंगे. लेकिन अगर उन्होंने बड़ा स्कोर नहीं बनाया तो भी कोई बात नहीं.’
मैच में देखें तो एक ओर जहां रोहित शर्मा रन नहीं बना पा रहे थे, वहीं दूसरी ओर शुभमन गिल के बल्ले से आसानी से रन निकल रहे थे. वह 30 गेंद पर 31 रन बनाकर आउट होने से पहले बहुत सहज होकर खेल रहे थे. विराट कोहली ने भी आते ही क्रीज पर दबदबा बनाना शुरू किया. पहली 11 गेंद पर विराट तीन चौके लगा चुके थे.
रोहित शर्मा के ‘संघर्ष’ पर कोटक की दो टूक
कोटक ने यह मानने से इनकार कर दिया कि रोहित शर्मा संघर्ष कर रहे थे. और उन्होंने उम्मीद जताई कि लॉर्ड्स में रोहित शर्मा बाजी पलटेंगे. उन्होंने कहा, ‘किसी-किसी दिन बल्लेबाजों को जरूरी लय नहीं मिल पाती. ऐसा हो सकता है.’
उन्होंने कहा, ‘आप लॉर्ड्स पर एक अलग ही रोहित शर्मा देख सकते हैं. मैं यहां संघर्ष शब्द का इस्तेमाल नहीं करूंगा लेकिन जो शॉट वह सामान्य रूप से ऑन द अप खेलते हैं वह पिच में दोहरे उछाल के चलते नहीं लग रहे थे. तभी शायद वह सहज नहीं थे.’