×

'अगर धोनी नहीं होते तो मैं...', अमित मिश्रा ने खत्म कीं अटकलें, कही सीधी-साफ बात

भारतीय टीम के पूर्व लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने महेंद्र सिंह धोनी के साथ अपने रिश्तों को लेकर खुलकर बात की है. उन्होंने उन सवालों के जवाब दिए जिनमें यह कहा जा रहा था इन दोनों के रिश्ते सामान्य नहीं थे.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 23, 2025 1:03 PM IST

नई दिल्ली– Amit Mishra on MS Dhoni- अमित मिश्रा और महेंद्र सिंह धोनी के रिश्तों को लेकर कई कहानियां कही जाती हैं. यह चर्चा की जाती है कि मिश्रा और धोनी के बीच रिश्ते सामान्य नहीं है. पर अब मिश्रा ने धोनी के साथ अपने रिश्तों पर खुलकर बात की है. पूर्व लेग स्पिनर ने एक पॉडकास्ट पर उन सब सवालों के जवाब दिए हैं.

कई बात मिश्रा का नाम लेकर यह दावा किया जाता है कि इस पूर्व लेग स्पिनर ने कहा था कि अगर धोनी कप्तान नहीं होते तो वह और ज्यादा खेलते. हालांकि अब मिश्रा ने कहा है कि अगर धोनी कप्तान नहीं होते तब भी वह ज्यादा नहीं खेलते.

उन्होंने कहा कि वह अपने करियर में कई बार भारतीय टीम में आए. और उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान की मौजूदगी की तारीफ की.

अमित मिश्रा ने धोनी पर क्या कहा?

Amit Mishra मैन्सएक्सपी के पॉडकास्ट में कहा, ‘लोग कहते हैं कि अगर धोनी नहीं होते तो मेरा करियर बेहतर होता. लेकिन कौन जानता है कि अगर वह नहीं होते तो शायद मैं टीम में भी नहीं होता. मैं उनकी कप्तानी में ही भारतीय टीम में आया. और मैं लगातार कमबैक करता रहा. एक कप्तान होने के नाते वह इससे सहमत रहे होंगे तभी मैं आता रहा. तो चीजों को देखने के सकारात्मक पहलु भी होते हैं.’

इसे भी पढ़ें- रिटायरमेंट के बारे में भी सोचा था…, 2023 के वर्ल्ड कप के बाद टूट गए थे रोहित

मिश्रा ने साल 2003 में भारत के लिए वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू किया. उनका टेस्ट डेब्यू साल 2008 में हुआ. और साल 2010 में टी20 इंटरनेशनल में उनका डेब्यू हुआ. उन्होंने भारत के लिए 22 टेस्ट, 36 वनडे इंटरनेशनल और 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. भारत के लिए वनडे में उन्होंने 76, टेस्ट में 64 और टी20 में 16 विकेट लिए.

मिश्रा ने खुलासा किया कि जब वह भारत के लिए खेल रहे थे तो महेंद्र सिंह धोनी ने उनकी काफी मदद की थी. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल मैच को याद किया, जब वापसी पर उन्होंने भारत के लिए 18 रन देकर पांच विकेट लिए थे.

मिश्रा ने कहा- धोनी ने किया मेरा फुल सपोर्ट

उन्होंने कहा, ‘मेरे पास सपोर्ट था. जब भी मैं प्लेइंग इलेवन में था तो ऐसा कभी नहीं हुआ कि धोनी मेरे पास नहीं आए हों और मुझे टिप्स न दिए हों. या मुझे कुछ बताया न हो. वह हमेशा मुझे चीजें बताते थे. मैं न्यूजीलैंड के खिलाफ खेल रहा था, जो मेरी आखिरी वनडे सीरीज थी. धोनी मेरे कप्तान थे. यह एक कड़ा मुकाबला था. मैं गेंदबाजी करने आया. हमने करीब 260-270 रन बनाए थे. मैंने विकेट लेने के बजाय रन रोकने की सोची.’

मिश्रा ने आगे कहा, ‘कुछ ओवर के बाद, धोनी मेरे पास आए और कहा कि मैं वैसी गेंदबाजी नहीं कर रहा हूं जैसी मैं आमतौर पर करता हूं. उन्होंने कहा कि मैं ज्यादा नहीं सोचूं और वैसी गेंदबाजी करूं जैसी मैं हमेशा करता हूं. मैं वैसा किया और फिर मुझे विकेट मिले. उन्होंने मुझे कहा कि यह तुम्हारी गेंदबाजी है. ठीक ऐसी ही गेंदबाजी करो और ज्यादा मत सोचो. यह मैच बदलने वाला स्पैल था. मैंने पांच विकेट लिए और मुझे लगता है कि यह मेरा सर्वश्रेष्ठ स्पैल था. उनका सोचना था कि अगर मैंने विकेट नहीं लिए तो हम मैच हार जाएंगे. उन्होंने मुझे इस तरह सपोर्ट किया है.’

TRENDING NOW

मिश्रा ने इसी साल सितंबर में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था. उन्होंने आईपीएल में 162 मैचों में 174 विकेट लिए. उनका औसत 23.82 का रहा. उनका इकॉनमी रेट 7.37 का रहा. मिश्रा ने आईपीएल में तीन हैटट्रिक लीं.