BBL में इस टीम को चैंपियन बनाने उतरेगा यह इंग्लिश दिग्गज, टीम ने दी है अहम जिम्मेदारी
इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ बिग बैश लीग में सिडनी थंडर के कोच बन गए हैं. वह इस टीम को चैंपियन बनाने उतरेंगे.
Published On May 14, 2026, 04:01 PM IST
Last UpdatedMay 14, 2026, 04:01 PM IST
Flintoff in BBL: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा संचालित टी20 लीग बिग बैश लीग (बीबीएल) में इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ को बड़ी जिम्मेदारी मिलने वाली है जिसकी घोषणा जल्द हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक एंड्रयू फ्लिंटॉफ सिडनी थंडर के कोच बनाए जा सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, सिडनी थंडर के मुख्य कोच पद के लिए एंड्रयू फ्लिंटॉफ सबसे पसंदीदा उम्मीदवार के तौर पर उभरे हैं। फ्रेंचाइजी जल्द ही उनके नाम का आधिकारिक ऐलान कर सकती है।
फ्लिंटॉफ बने सिडनी थंडर के कोच
एंड्रयू फ्लिंटॉफ के पास यह पहला मौका है जब वह किसी विदेश लीग में कोच की भूमिका में नजर आएंगे। फ्लिंटॉफ ने पूर्व में करीब एक साल तक ‘इंग्लैंड लायंस’ टीम के साथ काम किया है। वह लायंस के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कोचिंग टीम का भी हिस्सा थे। यह दौरा एशेज सीरीज़ के साथ ही चल रहा था। पूर्व ऑलराउंडर के पास ‘द हंड्रेड’ में ‘नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स’ के साथ कोच के रूप में काम करने का अनुभव है। उन्होंने 2024 से 2025 तक, दो सीजन के लिए इस टीम की कोचिंग की थी। उनके नेतृत्व में टीम क्रमशः चौथे और तीसरे स्थान पर रही थी।
बीबीएल खुद भी खेल चुके हैं फ्लिंटॉफ
इसके अलावा, उनके पास ऑस्ट्रेलिया के घरेलू टी20 क्रिकेट में खेलने का भी अनुभव है। फ्लिंटॉफ ने 2014-15 के बीबीएल सीजन में ‘ब्रिस्बेन हीट’ टीम का प्रतिनिधित्व किया था। यह उनके पेशेवर क्रिकेट करियर का आखिरी दौर साबित हुआ। हीट के लिए सात मैच खेलने के बाद उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
सिडनी थंडर ट्रेवर बेलिस की जगह मुख्य कोच की तलाश में है। बेलिस का फ्रेंचाइजी के साथ पांच साल का कार्यकाल था, लेकिन लीग के दौरान अच्छे परिणाम नहीं आने की वजह से बेलिस और सिडनी का करार समाप्त हो गया था। बेलिस ने 2024-25 सीजन में टीम को बीबीएल के फाइनल तक पहुंचाया था, लेकिन फ्रेंचाइजी को 2023-24 और 2025-26 सीजन में सबसे निचले पायदान पर भी रहना पड़ा था। 48 साल के एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने 1998 से 2009 के बीच इंग्लैंड के लिए 79 टेस्ट, 141 वनडे और 7 टेस्ट खेले। टेस्ट में 3,845 रन और 226 विकेट, वनडे में 3,394 रन और 169, और टी20 में 76 रन और 5 विकेट उनके नाम दर्ज हैं।