×

VIDEO: कैच लेने के प्रयास में बुरी तरह चोटिल हुआ KKR का स्टार खिलाड़ी, इंजरी पर आया बड़ा अपडेट

शुक्रवार को विजय हजारे ट्रॉफी मैच में मुंबई और उत्तराखंड के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें मुंबई की टीम ने 51 रन से जीत दर्ज की.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 26, 2025 6:49 PM IST

Angkrish Raghuvanshi Injured: विजय हजारे ट्रॉफी मैच के दौरान मुंबई के युवा क्रिकेटर अंगकृष रघुवंशी गंभीर रुप से चोटिल हो गए हैं. फील्डिंग के दौरान कैच लेने की कोशिश में वह बुरी तरह घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाया गया. हालांकि अस्पताल में जांच के बाद कोई गंभीर चोट नहीं होने की वजह से उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. अंगकृष रघुवंशी आईपीएल में केकेआर का हिस्सा हैं.

शुक्रवार को विजय हजारे ट्रॉफी मैच में जयपुर में मुंबई और उत्तराखंड के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें मुंबई की टीम 51 रन से जीत दर्ज की. मैच में मुंबई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 331 रन बनाए, जिसके जवाब में उत्तराखंड की टीम 50 ओवर में नौ विकेट पर 280 रन ही बना सकी.

उत्तराखंड की पारी के 30वें ओवर में हुई घटना

उत्तराखंड की पारी के 30वें ओवर में अंगकृष रघुवंशी सौरभ रावत का कैच लेने के दौरान चोटिल हो गए. तनुष कोटियन की गेंद पर उत्तराखंड के बैटर सौरभ रावत ने स्लॉग स्वीप किया, मगर खराब टाइमिंग के कारण गेंद मिडविकेट पर गई. अंगकृष रघुवंशी ने भागते हुए एक हाथ से कैच पकड़ने की कोशिश की, मगर वह इसमें नाकाम रहे. गिरने से उनके कंधे में चोट लगी और सिर जमीन से टकरा गया. चोट लगने के बाद वह कुछ सेकंड तक वह घुटनों के बल बैठे रहे, इसके बाद जमीन पर लेट गए. आननफानन में स्ट्रेचर मैदान पर लाया गया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया.

जांच के बाद अस्पताल से मिली छुट्टी

जयपुर के एसडीएमएच अस्पताल में अंगकृष रघुवंशी को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया और सभी जरूरी स्कैन व मेडिकल जांच की गई. हालांकि 21 वर्षीय रघुवंशी को जांच के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और स्कैन में कोई गंभीर चोट सामने नहीं आने के बाद वह टीम होटल लौट आए हैं.

मैच में सिर्फ 11 रन की पारी खेल सके थे रघुवंशी

अंगकृष रघुवंशी मैच में रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने उतरे थे. वह इस मैच में प्रभाव नहीं छोड़ सके थे और सिर्फ 11 रन की पारी खेलकर आउट हो गए थे. रोहित शर्मा खाता भी नहीं खोल सके, मगर विकेटकीपर-बल्लेबाज हार्दिक तामोरे (82 गेंदों पर 93 रन नाबाद), सरफराज खान (49 गेंदों पर 55 रन) और मुशीर खान (56 गेंदों पर 55 रन) के उपयोगी योगदान की बदौलत मुंबई ने सात विकेट पर 331 रन बनाए. मुशीर खान ने बाद में गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 57 रन पर दो विकेट झटके. बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज युवराज चौधरी की 96 रनों की आक्रामक पारी की बदौलत उत्तराखंड की टीम नौ विकेट पर 280 रन ही बना सकी.

TRENDING NOW

केकेआर का हिस्सा हैं अंगकृष रघुवंशी

मुंबई के सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी आईपीएल में केकेआर का हिस्सा हैं. केकेआर की टीम ने आईपीएल 2026 के ऑक्शन से पहले उन्हें रिटेन किया था. 21 साल के अंगकृष रघुवंशी आईपीएल 2024 और आईपीएल 2025 में केकेआर का हिस्सा रहे हैं. उन्होंने केकेआर के लिए 22 मैच की 18 इनिंग में दो अर्धशतक के साथ 463 रन बनाए हैं.