- Home
- News
- Anil Kumble Give warning to gujarat titans ahead of clash against Rajasthan Royals IPL 2026
'अगर पावरप्ले तक खेले वैभव फिर तो...', अनिल कुंबले ने GT को दी वॉर्निंग
आईपीएल 2026 में क्वालीफायर 2 के पहले गुजरात टाइटंस को पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने वॉर्निंग दी है. कुंबले ने वैभव को लेकर गुजरात को सावधान किया है.
Published On May 29, 2026, 04:25 PM IST
Last UpdatedMay 29, 2026, 04:25 PM IST
Anil Kumble to GT: आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की भिड़ंत गुजरात टाइटंस (जीटी) के साथ होगी. भारत के पूर्व दिग्गज गेंदबाज अनिल कुंबले का मानना है कि अगर दूसरे क्वालीफायर में वैभव सूर्यवंशी पावरप्ले तक टिक गए, तो इसका आरआर को बहुत फायदा मिलेगा.
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद कुंबले को लगता है कि राजस्थान रॉयल्स अभी भी दूसरे क्वालीफायर में अंडरडॉग के तौर पर मुकाबले में उतरेगी. हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर वैभव एक और दमदार पारी खेलने में सफल रहे, तो आरआर जीटी पर भारी पड़ सकती है.
कुंबले ने गुजरात को दी वॉर्निंग
कुंबले ने ‘जियोहॉटस्टार’ से कहा, “इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. यह सच में मुश्किल है, क्योंकि राजस्थान ने अच्छा किया है, फिर भी वे अभी भी अंडरडॉग लगते हैं. मुझे लगता है कि मैं आरआर के साथ जाऊंगा. मुझे अभी भी उम्मीद है कि वैभव वैसा ही प्रदर्शन करेंगे, जैसा उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में किया. वैभव अगर अपने प्रदर्शन को दोहराने में सफल रहे, तो इसका फायदा राजस्थान रॉयल्स को मिलेगा.”
राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में शानदार रहा है. वह 15 मुकाबलों में 242 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 680 रन बना चुके हैं और ऑरेंज कैप उनके सिर की शोभा बढ़ा रही है. एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने 29 गेंदों में 97 रनों की दमदार पारी खेली, जिसके बूते आरआर आसान जीत दर्ज करने में सफल रही.
कुंबले ने आगे कहा, “ऑरेंज कैप वैभव सूर्यवंशी के पास है और यह सिर्फ एक बार या कुछ टीमों के खिलाफ ऐसा करने से नहीं होता है. उन्होंने पिछले दो महीनों में लगातार ऐसा किया है, और यह इस युवा खिलाड़ी के बारे में बहुत कुछ कहता है. यह सिर्फ मैदान पर जाकर कुछ छक्के मारने के बारे में नहीं है, भले ही वह अब सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले खिलाड़ी हैं. अगर वह पूरे पावरप्ले में बैटिंग करते हैं, तो आरआर को फायदा होगा.”
हालांकि, कुंबले ने बताया कि गुजरात टाइटंस के पास एक मजबूत गेंदबाजी अटैक है, जो राजस्थान रॉयल्स को पारी की शुरुआत में दबाव में डाल सकते हैं. उन्होंने कहा, “जीटी के पास एक बहुत ही तय प्लान है. उनके पास मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा हैं, जो शुरुआती में तीन-तीन ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं, और यहीं से मैच बदल सकता है.”