- Home
- News
- Anil Kumble reacts on Shubman Gill’s ‘captain’s knock against Rajasthan Royals in IPL 2026 Qualifier 2
शतक लगाकर फाइनल में पहुंचना... शुभमन गिल की पारी के फैन हुए अनिल कुंबले
भारत के पूर्व कप्तान ने कहा, वे पहले ही ओवर में ज़ोरदार शुरुआत करना चाहते थे, एक संदेश देना चाहते थे और फिर वहीं से अपनी पारी को आगे बढ़ाना चाहते थे. उन्होंने कहा, शुभमन ने जिस तरह से बल्लेबाज़ी की, वह न सिर्फ़ तेज़ गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़, बल्कि स्पिन गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ भी ज़बरदस्त थी.
Published On May 30, 2026, 12:35 PM IST
Last UpdatedMay 30, 2026, 12:35 PM IST
Shubman Gill
शुभमन गिल की शतकीय पारी से गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह बना ली है. गिल ने 53 गेंदों पर शानदार 104 रन बनाकर गुजरात टाइटन्स को सात विकेट से जीत दिलाई. फाइनल में गुजरात टाइटंस का सामना आरसीबी से 31 मई को होगा. भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने शुभमन गिल के मैच जिताऊ शतक की तारीफ़ करते हुए इसे दबाव में कप्तानी का एक बेहतरीन उदाहरण बताया.
कुंबले ने कहा कि गिल का इरादा शुरू से ही साफ़ था, उन्होंने लक्ष्य का पीछा करने की ज़िम्मेदारी अपने कंधों पर ली और राजस्थान के गेंदबाज़ों को कभी भी जमने का मौक़ा नहीं दिया. कुंबले ने JioStar से कहा, यह एक सधी हुई पारी थी, जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाज़ी की, उससे साफ़ पता चल रहा था कि वह पूरी तरह से एकाग्र थे और फ़ाइनल में पहुंचना चाहते थे.
भारत के पूर्व मुख्य कोच ने पावरप्ले के दौरान गुजरात की आक्रामक सोच की ओर इशारा किया. इस दौरान गिल और उनके सलामी जोड़ीदार साई सुदर्शन ने 167 रनों की सलामी साझेदारी करके एक रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करने की नींव रखी. उन्होंने कहा, लेकिन जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाज़ी की, उन्होंने गेंदबाज़ों पर सीधा हमला बोला, जैसा कि साई सुदर्शन ने बताया, वे पहले ही ओवर में ज़ोरदार शुरुआत करना चाहते थे, एक संदेश देना चाहते थे, और फिर वहीं से अपनी पारी को आगे बढ़ाना चाहते थे.
कुंबले ने गिल के फुटवर्क की भी तारीफ की
गिल की यह पारी न सिर्फ़ तेज़ गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ उनके स्ट्रोकप्ले के लिए यादगार रही, बल्कि जिस तरह से उन्होंने राजस्थान के स्पिन गेंदबाज़ों का सामना किया, वह भी काबिले-तारीफ़ था. कुंबले ने ख़ास तौर पर गुजरात के कप्तान के फ़ुटवर्क की तारीफ़ की, जो उन्होंने टूर्नामेंट के सबसे अनुभवी स्पिनरों में से एक, रवींद्र जडेजा के ख़िलाफ़ दिखाया. पूर्व स्पिनर ने कहा, शुभमन ने जिस तरह से बल्लेबाज़ी की, वह न सिर्फ़ तेज़ गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़, बल्कि स्पिन गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ भी ज़बरदस्त थी, उन्होंने रवींद्र जडेजा के ख़िलाफ़ अपने पैरों का इस्तेमाल बहुत ही शानदार तरीक़े से किया.
IPL 2026: गिल- सुदर्शन की जोड़ी ने रचा इतिहास, टी-20 क्रिकेट में बना नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
चेज़ के दौरान पूरी तरह से कंट्रोल बनाए रखा: कुंबले
कुंबले ने कहा, इस पारी की सबसे बड़ी ख़ासियत यह थी कि इसमें किसी भी तरह का कोई जोखिम या क़िस्मत का सहारा नहीं था, गिल ने चेज़ के दौरान पूरी तरह से कंट्रोल बनाए रखा, उन्होंने नियमित अंतराल पर बाउंड्री लगाईं और यह भी सुनिश्चित किया कि ज़रूरी रन रेट कभी भी चिंता का विषय न बने. उन्होंने कहा, यह एक बेदाग, क्लासिक पारी थी – एक टिपिकल शुभमन पारी, शतक लगाकर फ़ाइनल में पहुंचना, यह सचमुच एक कप्तान की पारी थी.