भारतीय महिला टीम ने चौथे टी-20 में श्रीलंका को हराया, सीरीज पर कब्जा
भारत और श्रीलंका के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेली जा रही है।
Published On Sep 24, 2018, 04:34 PM IST
Last UpdatedSep 24, 2018, 04:34 PM IST
Anuja Patil (File Photo) © Getty Images
एक तरफ एशिया कप 2018 में रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया यूएई में धमाल मचा रही है तो दूसरी तरफ श्रीलंका में भारतीय महिला टीम का प्रदर्शन भी सबको प्रभावित कर रहा है। महिला टीम ने सोमवार को कोलंबो में खेले गए टी-20 सीरीज के चौथे मुकाबले में श्रीलंका पर सात विकेट से जीत दर्ज की। इसके साथ ही पांच मैचों की टी-20 सीरीज में महिला टीम ने 3-0 से अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा मुकाबला बारिश के चलते खेला नहीं जा सकता था।
आज खेला गया चौथा मुकाबला भी बारिश से प्रभावित रहा। जिसके कारण 17 ओवरों का मैच कराना पड़ा। भारतीय महिला टी-20 टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका की टीम निर्धारित 17 ओवरों में केवल 134/5 रन ही बना पाई। श्रीलंकाई महिला टीम के लिए शशिकला ने सर्वाधिक 32 गेंद पर 40 रन की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान सी. अट्टापट्टू ने भी 26 गेंद पर 31 रन बनाए।
भारतीय ऑलराउंडर अनुजा पाटिल ने अर्धशतकीय पारी खेलने के साथ-साथ अपने चार ओवरों में 36 रन देकर तीन अहम विकेट निकाले, जिसकी मदद से श्रीलंकाई टीम बड़ा स्कोर नहीं बना पाई।
135 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान जेमिमा रॉड्रिगेज 52*(37) और अनुजा पाटिल 54*(42) ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेल टीम को जीत दिलाई। रॉड्रिगेज ने 16वें ओवर की चौथी गेंद पर छक्का लगाकर मैच जीत लिया। लक्ष्य का पीछा करने के दौरान भारत ने महज तीन विकेट खोए।