×

अर्जुन तेंदुलकर ने SMAT में मचाई तबाही, अंशुल कंबोज और मोहम्मद शमी ने भी मचाया धमाल

चंडीगढ़ के खिलाफ मैच में गोवा के लिए खेलते हुए अर्जुन तेंदुलकर ने गेंद से कहर बरपाया. गोवा की टीम ने मुकाबले को 52 रन से अपने नाम किया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - November 29, 2025 1:22 PM IST

SMAT 2025: भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में धमाकेदार प्रदर्शन किया है. चंडीगढ़ के खिलाफ मैच में गोवा के लिए खेलते हुए अर्जुन तेंदुलकर ने गेंद से कहर बरपाया. गोवा की टीम ने इस मैच में 52 रन से जीत हासिल की.

अर्जुन तेंदुलकर आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपरजायंट्स का हिस्सा होंगे. लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम ने शार्दुल ठाकुर की जगह मुंबई इंडियंस से उन्हें ट्रेड किया है. चंडीगढ़ के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्ऱॉफी में अर्जुन बल्ले से भले फ्ल़ॉप रहे, मगर उन्होंने गेंदबाजी में कमाल दिखाया. अर्जुन गोवा के लिए ओपनिंग करते हुए सिर्फ 14 रन (09 गेंद) की पारी खेलकर रन आउट हो गए थे.

अर्जुन तेंदुलकर ने गेंद से बरपाया कहर

इस मैच में अर्जुन तेंदुलकर ने शानदार गेंदबाजी की. अपने स्पेल के पहले दो ओवर में उन्होंने दो विकेट लिए. उन्होंने चंडीगढ़ की पारी की शुरुआत में ही अर्जुन आजाद (07) और कप्तान शिवम भंडारी (01) को अपना शिकार बनाया. जगजीत सिंह 20 रन (13 बॉल) को आउट कर उन्होंने मैच में तीसरा विकेट हासिल किया. अर्जुन तेंदुलकर ने चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट हासिल किए.

ललित यादव ने खेली विस्फोटक पारी

इससे पहले ललित यादव के 49 बॉल में 82 रन (छह चौके, चार छक्के) की मदद से गोवा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 173 रन बनाए. चंडीगढ़ की टीम इसके जवाब में 19 ओवर में 121 रन पर सिमट गई.

अंशुल कंबोज ने दिलाई हरियाणा को सुपर ओवर में जीत

चेन्नई सुपरकिंग्स के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने भारत के आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को मैच में दो बार आउट किया जिससे हरियाणा ने शुक्रवार को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के ग्रुप सी मैच में पंजाब को सुपर ओवर में हरा दिया. पंजाब ने 208 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट पर 207 रन बनाए जबकि हरियाणा ने भी इससे पहले नौ विकेट पर 207 रन बनाए थे जिससे मुकाबला नतीजे के लिए सुपर ओवर में खिंचा. सुपर ओवर में कंबोज ने तीन गेंद के भीतर अभिषेक और सनवीर सिंह को आउट किया जिसके बाद निशांत सिंधू ने पहली गेंद पर चौके के साथ जरूरी दो रन जुटाकर हरियाणा को जीत दिला दी.

हिमाचल प्रदेश ने भी एकतरफा मुकाबले में सेना को 83 रन से हराया

हिमाचल ने मृदुल सुरोच के नाबाद 75 रन और एकांत सेन की 49 रन की पारी से छह विकेट पर 199 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.हिमाचल ने इसके बाद अर्पित गुलेरिया (12 रन पर तीन विकेट), वैभव अरोड़ा (16 रन पर तीन विकेट), आर्यमन सिंह (19 रन पर दो विकेट) और राहुल चौहान (14 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी से सेना को 16.5 ओवर में 116 रन पर समेटकर आसान जीत दर्ज की.

बंगाल ने गुजरात को तीन विकेट से हराया, शमी ने किया प्रभावित

टीम इंडिया से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी ने भी प्रभावित किया, जिससे बंगाल की टीम ने गुजरात को टीम विकेट से हराया. गुजरात की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सक्षम चौधरी (16 रन पर तीन विकेट), मोहम्मद शमी (31 रन पर दो विकेट) और सायन घोष (26 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18.3 ओवर में 127 रन पर ढेर हो गई. विशाल जायसवाल ने गुजरात की ओर से 30 गेंद में सर्वाधिक 36 रन बनाए जबकि कप्तान उर्विस पटेल ने 10 गेंद में 20 रन की पारी खेली.

TRENDING NOW

लक्ष्य का पीछा करते हुए बंगाल ने भी नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए लेकिन कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन (34) के अलावा शाहबाज अहमद की नाबाद 19 रन की पारी से 11 गेंद शेष रहते जीत दर्ज करने में सफल रहा. गुजरात के लिए रवि बिश्नोई, हेमांग पटेल और हर्षल पटेल ने दो-दो विकेट चटकाए.