×

SMAT: निशाने पर लगा अर्जुन का तीर, IPL 2026 नीलामी से पहले गेंदबाजी में मचाया धमाल

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की नीलामी से पहले भारतीय खिलाड़ी सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में खेल रहे हैं. और उनकी कोशिश यहां अच्छा प्रदर्शन कर 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाली नीलामी में फ्रेंचाइजी का ध्यान अपनी ओर खींचने की है. इस टी20 ट्रॉफी में, मंगलवार 2 दिसंबर को गोवा और मध्य...

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 2, 2025 11:59 AM IST

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की नीलामी से पहले भारतीय खिलाड़ी सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में खेल रहे हैं. और उनकी कोशिश यहां अच्छा प्रदर्शन कर 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाली नीलामी में फ्रेंचाइजी का ध्यान अपनी ओर खींचने की है. इस टी20 ट्रॉफी में, मंगलवार 2 दिसंबर को गोवा और मध्य प्रदेश के बीच मुकाबला हो रहा है. इस मैच में अर्जुन तेंदुलकर ने अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया. बाएं हाथ के इस पेसर ने गोवा की ओर से खेलते हुए अच्छी गेंदबाजी की.

अर्जुन ने अपनी गेंदबाजी से मध्य प्रदेश के दोनों ओपनर्स को शिकार बनाया. उन्होंने अंकुश सिंह को तीन और शिवांग कुमार को जीरो पर आउट किया. उनकी गेंदबाजी के सामने एमपी के बल्लेबाज परेशान नजर आए. अर्जुन ने शुरुआत अच्छी की और पहले दो ओवरों में सिर्फ पांच रन देकर दो कामयाबियां हासिल कीं. हालांकि इसके बाद उन्होंने अपने अगले 2 ओवरों में 31 रन दिए. अर्जुन ने 4 ओवरों में 36 रन देकर तीन विकेट हासिल किए. उनका तीसरा विकेट भारत के लिए खेल चुके बाएं हाथ के बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर का रहा. अय्यर बल्ले से कोई कमाल नहीं कर सके. उन्होंने 13 गेंद पर 6 रन बनाए.

अय्यर आईपीएल में पिछले सीजन तक कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का हिस्सा थे. केकेआर ने बीते साल उन्हें 23.75 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम देकर खरीदा था. हालांकि उन्होंने इस साल की नीलामी से पहले अय्यर को रिलीज कर दिया. अय्यर ने इस साल की नीलामी के लिए रजिस्टर किया है. उन्होंने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये रखा है. कुल 45 खिलाड़ियों ने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये रखा है. अय्यर के अलावा रवि बिश्नोई ही ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं जिनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है.

अर्जुन तेंदुलकर ने घरेलू क्रिकेट में लगातार मेहनत कर रहे हैं. और अब गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी योगदान दे रहे हैं. अर्जुन को उम्मीद है कि इस बार आईपीएल में उन्हें पहले से ज्यादा मौके मिलेंगे और नई टीम में जाकर वह बेहतर खेल दिखा सकेंगे. उन्होंने चंडीगढ़ के खिलाफ चार ओवरों में 17 रन देकर तीन विकेट लिए थे.

बाएं हाथ का यह ऑलराउंडर इस बार लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा है. 15 नवंबर को जारी हुई रीटेन और ट्रेड खिलाड़ियों की लिस्ट में मुंबई इंडियंस ने अर्जुन को लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड किया है. शार्दुल ठाकुर लखनऊ से मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा बन चुके हैं. अर्जुन को 30 लाख रुपये में ट्रेड किया गया. नई फ्रैंचाइजी में अर्जुन को मैदान पर अपना खेल दिखाने के ज्यादा मौके मिल सकते हैं.

TRENDING NOW

अर्जुन इस मैच में गोवा की ओर से ओपनिंग के लिए भी उतरे. उन्होंने 10 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाए.