add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

अर्शदीप की गेंदबाजी ने सूर्या के लिए बुमराह को बनाया 'इंश्योरेंस पॉलिसी', इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज का बयान

अर्शदीप सिंह की अच्छी गेंदबाजी ने सूर्यकुमार यादव को यह आजादी दी है कि वह जसप्रीत बुमराह को रणनीतिक तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - March 12, 2026 9:14 AM IST

नई दिल्ली: अर्शदीप सिंह को अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बहुत अधिक समय नहीं हुआ है. लेकिन बाएं हाथ के इस पेसर ने अपना खास मुकाम बनाया है. अपनी रफ्तार से ज्यादा और सटीकता ने क्रिकेट के जानकारों को प्रभावित किया है. इंग्लैंड के पूर्व ओपनर मार्क बुचर ने भी अर्शदीप की जमकर तारीफ की है. अर्सदीप नई गेंद को जिस तरह स्विंग करवाते हैं उससे मार्क बुचर काफी प्रभावित हैं.

इतना ही नहीं बुचर मानते हैं कि अर्शदीप की शानदार गेंदबाजी ने सूर्यकुमार यादव को आजादी दी है कि वह अपने प्रीमियम तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का अधिक रणनीतिक तरीके से इस्तेमाल कर सकें. सूर्या अब मैच की स्थिति के हिसाब से बुमराह का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे विपक्षी टीम इस कशमकश में रहती है कि आखिर बुमराह के ओवर कब आएंगे. वह बुमराह के ओवरों का अंदाजा नहीं लगा पाती.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

उन्होंने कहा कि भारतीय गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी टीमों के खिलाफ दबाव वाले मुकाबलों में बेहतरीन नियंत्रण दिखाया. पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारत की गेंदबाजी यूनिट ने मुश्किल समय में जिम्मेदारी निभाई. इससे टीम को खिताब जीतने में बड़ी मदद मिली.

अहम मौकों पर भारतीय गेंदबाजों का अच्छा प्रदर्शन

भारत के खिलाफ सुपर 8 के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज ने 195 रन का स्कोर बनाया था. लेकिन एक वक्त पर लग रहा था कि उनकी टीम 220 से ऊपर का स्कोर बनाएगी. लेकिन भारतीय पेसर्स ने नियंत्रण के साथ गेंदबाजी की और वेस्टइंडीज को यहां तक नहीं पहुंचने दिया. वहीं इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 253 का स्कोर बनाने के बाद भी भारतीय गेंदबाज शुरू और बीच के ओवरों मे दबाव में रहे. लेकिन 18वें ओवर में बुमराह ने सिर्फ छह रन दिए और 19वें ओवर में हार्दिक पंड्या ने नौ रन दिए. और इंग्लैंड को सात रन पहले रोकने में अहम भूमिका निभाई.

बुचर ने एक क्रिकेट शो में कहा, बेशक बुमराह गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करते हैं, लेकिन अन्य गेंदबाजों ने भी अहम भूमिका निभाई. भारत की गेंदबाजी की गहराई और मौके बनाने की क्षमता ही टीम की सबसे बड़ी ताकत है.

बुचर ने कहा कि अर्शदीप नई गेंद के साथ शानदार रहे और टूर्नामेंट में शायद वही एक ऐसे गेंदबाज थे जो गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा पा रहे थे. हार्दिक पांड्या ने भी गेंद से शानदार प्रदर्शन किया और टीम को कई अहम मौकों पर सफलता दिलाई.

इंश्योरेंस पॉलिसी की तरह होते हैं बुमराह

इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी ने कहा, ‘आमतौर पर टी20 में किसी तेज गेंदबाज से पावरप्ले में दो और डेथ ओवरों में दो ओवर कराने की उम्मीद होती है, लेकिन भारतीय टीम बुमराह को एक ‘इंश्योरेंस पॉलिसी’ की तरह इस्तेमाल करती है. कई बार शुरुआत में हार्दिक पांड्या और अर्शदीप को ओवर दिए जाते हैं, और जरूरत पड़ने पर बुमराह को लाया जाता है ताकि मैच का रुख बदला जा सके. यही लचीलापन और रणनीतिक सोच भारत की टी20 टीम को बाकी टीमों से अलग बनाती है.’

जसप्रीत बुमराह ने टी20 विश्व कप 2026 में 8 मैचों में 14 विकेट लिए. सेमीफाइनल और फाइनल में उनकी घातक गेंदबाजी टीम की जीत का बड़ा कारण रही.