add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

WPL 2026: एश्ले गार्डनर की पारी से गुजरात जायंट्स की जीत से शुरुआत, यूपी वॉरियर्स को मिली हार

गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स के मैच में 21 छक्के लगे, जो वीमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में पहली बार हुआ है.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - January 10, 2026 7:01 PM IST

GGW VS UPW: एश्ले गार्डनर के अर्धशतक (41 बॉल में 65 रन) की मदद से गुजरात जायंट्स की टीम ने वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 में जीत के साथ शुरुआत की है. शनिवार को खेले गए मैच में गुजरात जायंट्स ने यूपी वॉरियर्स को 10 रन से हराया. गुजरात जायंट्स की टीम ने पहली बार वीमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में अपने पहले मुकाबले में जीत हासिल की है.

गुजरात जायंट्स ने यूपी वॉरियर्स के सामने जीत के लिए 208 रन का टारगेट रखा था, यूपी वॉरियर्स की टीम 197 रन ही बना सकी. ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज फीबी लिचफील्ड ने यूपी वॉरियर्स के लिए 40 गेंद में 78 रन की पारी खेली, मगर यह पारी भी यूपी वॉरियर्स को जीत नहीं दिला सकी. इस मैच में कुल 404 रन बने, जो वीमेंस प्रीमियर लीग के एक मैच में दूसरा सबसे ज्यादा रन है. वहीं इस मैच में कुल 21 छक्के लगे जो वीमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा हैं, इससे पहले 19 छक्कों का रिकॉर्ड था. 2024 में बेंगलुरु में RCB बनाम DC मैच में 19 छक्के लगे थे.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

WPL के एक मैच में सबसे ज़्यादा रन

438 – RCB बनाम UPW, लखनऊ, 2025
404 – GG बनाम UPW, नवी मुंबई, 2026*
403 – GG बनाम RCB, वडोदरा, 2025
391 – GG बनाम RCB, ब्रेबोर्न, 2023
387 – MI बनाम RCB, ब्रेबोर्न, 2025

जॉर्जिया वेयरहैम बनीं प्लेयर ऑफ द मैच

पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर कप्तान एशले गार्डनर के 65 रन और जॉर्जिया वेयरहैम के 10 गेंद में नाबाद 27 रन की मदद से गुजरात जाइंट्स ने चार विकेट पर 207 रन बनाए. जवाब में लिचफील्ड ने यूपी को दौड़ में बनाए रखा लेकिन 16वें ओवर में उनके आउट होने के बाद गुजरात ने मैच पर शिकंजा कस लिया. लिचफील्ड ने अपनी पारी में आठ चौके और पांच छक्के लगाए.

UP वारियर्स ने आठ विकेट पर 197 रन बनाए, आशा शोभना ने 10 गेंद में नाबाद 27 रन बनाये जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी .गुजरात जाइंट्स के लिये ऑस्ट्रेलिया की लेग स्पिनर जॉर्जिया वेयरहैम ने 30 रन देकर दो विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया. रेणुका सिंह और सोफी डेवाइन को भी दो दो विकेट मिले जबकि गार्डनर और राजेश्वरी गायकवाड़ ने एक एक विकेट लिया.

यूपी के बल्लेबाजों ने किया निराश

यूपी की शुरूआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज किरन नवगिरे को रेणुका ने पांचवीं गेंद पर आउट कर दिया. कप्तान और सलामी बल्लेबाज मेग लैनिंग (27 गेंद में 30 रन ) और लिचफील्ड ने दूसरे विकेट के लिये 70 रन जोड़े. यूपी ने पांच गेंद और एक रन के भीतर लैनिंग, हरलीन देयोल (0) और दीप्ति शर्मा (1) के विकेट गंवा दिए,यूपी का स्कोर नौवे ओवर में एक विकेट पर 73 रन था लेकिन दसवें ओवर में चार विकेट पर 74 रन हो गया. लिचफील्ड और श्वेता सहरावत (25) ने 69 रन की साझेदारी की लेकिन तब तक देर हो चुकी थी.

एश्ले गार्डनर, अनुष्का शर्मा और वेयरहैम ने खेली आक्रामक पारी

इससे पहले बल्लेबाजी के लिये भेजी गई गुजरात की टीम की तरफ से अनुष्का शर्मा (44) और गार्डनर ने तीसरे विकेट के लिये 103 रन की साझेदारी की. अनुष्का ने 30 गेंद में 44 रन बनाये जबकि गार्डनर ने 41 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए. इससे पहले सलामी बल्लेबाज सोफी डेवाइन छठे ओवर में 38 के स्कोर पर आउट हो गई थी.

ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी बल्लेबाज गार्डनर 18वें ओवर में सोफी एक्लेस्टोन का शिकार बनी लेकिन वेयरहैम ने एक चौके और तीन छक्के समेत आक्रामक पारी खेलकर गुजरात जाइंट्स को 200 रन के पार पहुंचाया. भारती फुलमाली सात गेंद में 14 रन बनाकर नाबाद रही.

दीप्ति शर्मा को नहीं मिला विकेट

यूपी वारियर्स के लिये एक्लेस्टोन ने 32 रन देकर दो विकेट लिये जबकि शिखा पांडे और डिएंड्रा डोटिन को एक एक विकेट मिला. भारत की स्टार गेंदबाज दीप्ति शर्मा को विकेट नहीं मिला और उन्होंने तीन ओवर में 32 रन दिए. दीप्ति शर्मा को यूपी वॉरियर्स ने वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 के ऑक्शन में 3.20 करोड़ की बड़ी बोली के साथ अपनी टीम के साथ जोड़ा था.