154.2 KMPH घंटे की रफ्तार, अशोक शर्मा ने फेंकी आईपीएल 2026 की सबसे तेज गेंद
अशोक शर्मा ने चार ओवर के स्पेल में 37 रन खर्च किए और शिमरन हेटमायर का विकेट हासिल किया.
Published On Apr 04, 2026, 09:23 PM IST
Last UpdatedApr 04, 2026, 09:23 PM IST
Ashok Sharma
Fastest ball of IPL 2026: आईपीएल 2026 में शनिवार को दूसरे मैच में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीम आमने-सामने हुई. इस मैच में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया. गुजरात टाइटंस के गेंदबाज अशोक शर्मा ने इस मैच में अपनी गेंदबाजी की गति से हैरान कर दिया. उन्होंने 154.2 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी. यह आईपीएल 2026 की सबसे तेज गेंद है.
अशोक शर्मा ने इस मैच में चार ओवर के स्पेल में 37 रन खर्च किए और विस्फोटक बल्लेबाज शिमरन हेटमायर का विकेट हासिल किया.
154.2 KMPH की रफ्तार से फेंकी गेंद
अशोक शर्मा ने 16वें ओवर में अपनी गति से राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों को खूब परेशान किया. उन्होंने इस ओवर की पहली बॉल 144.7 और दूसरी बॉल 145.7 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से फेंकी. उन्होंने इस ओवर की तीसरी बॉल पर हेटमायर को अपना शिकार बनाया. वहीं चौथी बॉल नए बल्लेबाज डोनोवन फरेरा को 150.7 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से फेंकी.
ओवर की पांचवी बॉल जो 146.8 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आई थी, उस पर फरेरा ने एक रन बनाए. इस गेंद को रोकने में अशोक शर्मा की अंगुली में चोट लगी. हालांकि चोटिल होने के बावजूद अशोक शर्मा ने आखिरी गेंद पर हैरान करते हुए उन्होंने इसे 154.2 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से इसे फेंका. यॉर्कर जोन में आई इस गेंद को जुरेल ने अपने पैरों के पास ही रोक दिया और उन्हें पता ही नहीं चला कि गेंद कहां है. आईपीएल के इस सीजन की यह सबसे तेज गेंद है.
राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात को दिया 211 रन का टारगेट
राजस्थान रॉयल्स की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस के सामने जीत के लिए 211 रन का टारगेट रखा है. राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 210 रन बनाए. ध्रुव जुरेल ने 42 बॉल में 75 रन की विस्फोटक पारी खेली. यशस्वी जायसवाल ने 55 रन (36 बॉल) बनाए. वैभव सूर्यवंशी ने 18 बॉल में 31 रन का योगदान दिया.
घरेलू क्रिकेट में राजस्थान का हैं हिस्सा
अशोक शर्मा ने घरेलू क्रिकेट में राजस्थान के लिए साल 2025 में ही डेब्यू किया था. वह चार फर्स्ट क्लास, सात लिस्ट ए और 10 टी20 मैच खेल चुके हैं. फर्स्ट क्लास में उन्होंने 14 विकेट चटकाए हैं, वहीं लिस्ट ए में उनके नाम 13 विकेट हैं. 10 टी-20 मैच में उन्होंने 22 विकेट अपने नाम किए हैं.
राजस्थान रॉयल्स और केकेआर का भी रहे हैं हिस्सा
अशोक शर्मा आईपीएल में केकेआर और राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे हैं, मगर उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला. अशोक शर्मा को आईपीएल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 55 लाख रुपए में खरीदा था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिल सका. साल 2025 में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन अगले सीजन से पहले उन्हें रिलीज कर दिया गया.